6 नवंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

भीलवाड़ा सड़क हादसा: सांवरिया सेठ के दर्शन कर लौट रहे परिवार की कार खाई में गिरी, महिला समेत 3 की दर्दनाक मौत

भीलवाड़ा जिले के मांडलगढ़ में मेनाल के पास चित्तौड़गढ़-कोटा हाईवे पर पानी के टैंकर से टकराने के बाद कार खाई में गिर गई। हादसे में महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भीलवाड़ा

•

image

Arvind Rao

•

Updated: 6 Nov 2026, 6:58 PM IST

bhilwara road accident

खाई में गिरी (पत्रिका फोटो)

Bhilwara Menal Road Accident: लाडपुरा (भीलवाड़ा): भीलवाड़ा जिले के मांडलगढ़ क्षेत्र से गुजरने वाले चित्तौड़गढ़-कोटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मेनाल के निकट शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां पानी के टैंकर से टकराने के बाद अनियंत्रित हुई कार सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे में एक महिला श्रमिक सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए। घायलों में कार सवार परिवार के सदस्य और निर्माण कार्य में लगे श्रमिक शामिल हैं।


सांवरियाजी से दर्शन कर लौट रहा था परिवार


जानकारी के मुताबिक, कोटा के कुन्हाड़ी निवासी भूपेंद्र पुत्र बालकिशन अपने परिवार के साथ कार में सवार होकर सांवरियाजी धाम के दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद सभी लोग वापस कोटा लौट रहे थे। इसी दौरान मेनाल के निकट यह हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि मेनाल में ओवरब्रिज निर्माण का कार्य चल रहा है। निर्माण स्थल के पास सड़क के एक तरफ पानी का टैंकर खड़ा था। इसी दौरान कार टैंकर से टकरा गई। टक्कर के बाद चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरा।


महिला श्रमिक सहित तीन की मौत


हादसे में निर्माण कार्य में लगी महिला श्रमिक बिलोना बड़ी आरोली निवासी बिहारी (45) पत्नी नाथू बंजारा, प्रेम (45) पत्नी शंभू बंजारा और मांडलगढ़ निवासी सावता (50) पुत्र देवीलाल ओड़ की मौत हो गई।


परिवार के सदस्य और श्रमिक घायल


हादसे में कार सवार भूपेंद्र (38), उनकी पत्नी रीना (35), बेटियां साक्षी (12) और अभिक्षा (9), बेटा उमंग (7) तथा विष्णु (25) पुत्र राजेंद्र प्रजापत घायल हो गए। इनके अलावा निर्माण कार्य में लगे श्रमिक अर्जुन पुत्र बिहारी बंजारा, चांदनी बंजारा और सुनीता बंजारा भी घायल हुए।


गंभीर घायलों को भीलवाड़ा किया रेफर


हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को मांडलगढ़ चिकित्सालय पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें भीलवाड़ा रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर बेगूं डीएसपी अंकित कुड़ी और थाना प्रभारी चंपाराम पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी जुटाई और मामले की जांच शुरू की।