मांडल थाना क्षेत्र के गणेशपुरा में अकेली रह रही 65 वर्षीय वृद्धा की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। हत्या दो दिन पूर्व रात में हुई। इसका पता परिजनों को बीस घंटे बाद शुक्रवार रात लगा। महिला के शरीर से गहने और घर से नकदी गायब मिली है। लूट की नीयत से वारदात की गई। वारदात से गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और मौका देखा।
मांडल थाना क्षेत्र के गणेशपुरा में अकेली रह रही 65 वर्षीय वृद्धा की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। हत्या दो दिन पूर्व रात में हुई। इसका पता परिजनों को बीस घंटे बाद शुक्रवार रात लगा। महिला के शरीर से गहने और घर से नकदी गायब मिली है। लूट की नीयत से वारदात की गई। वारदात से गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और मौका देखा। पुलिस कातिलों की तलाश में जुट गए। पुलिस ने शनिवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया।
थानाप्रभारी विनोद मीणा ने बताया कि गणेशपुरा निवासी सोहनी पत्नी रूपा बैरवा घर में अकेली रहती थी। बकरी पालकर गुजर बसर करती थी। शुक्रवार देर शाम तक सोहनी के नजर नहीं आने और बकरियों के आवाज नहीं करने पर पड़ोस में रह रही रिश्तेदार महिला पुष्पा ने घर के अंदर जाकर देखा तो बरामदे में खाट पर सोहनी मृत मिली। उसकी चीख सुन लोग आए। निकट ही कमरे में सामान बिखरा हुआ। बक्से का ताला टूटा मिला। पुत्रवधू ने जेठ महावीर को सूचना दी। मांडल डीएसपी सुरेन्द्र कुमार और थानाप्रभारी मीणा पहुंचे। एफएसएल और खोजी श्वान को देर रात मौके पर बुलाया गया।
गले व पैरों पर निशान मिले
मृतका के गले और पैरों पर निशान मिले। एक हाथ की अंगुली पर जख्म के भी निशान है। पुलिस का मानना है कि सोहनी की गला दबाकर हत्या की। उसके शरीर पर पहने गहने और बॉक्स से कातिल नकदी लूट ले गया। वारदात गुरुवार देर रात हुई। इसका पता करीब बीस घंटे बाद चला। मृतका के पोते महावीर बैरवा ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला मांडल थाने में दर्ज कराया।
वारदात से पहले रैकी
पुलिस का मानना है कि कातिल को पता था, सोहनी घर में अकेली रहती है। वारदात से पहले रैकी की गई। मौका पाकर देर रात कातिल घर में घुस गया। उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। गहने खोलकर ले गया। कातिल रामनवमी, चार मांदलिया, कान के टॉप्स, मोती, चांदी के कड़े, करोलिया, चूड़ी समेत ढाई लाख के गहने व 15 हजार नकद ले गया। वारदात में एक से अधिक का हाथ हो सकता है।
संतान नहीं, पति का भी निधन
थानाप्रभारी मीणा ने बताया, सोहनी लम्बे समय से घर में अकेली रहती थी। पति का तीस साल पहले निधन हो गया था। उसके संतान नहीं थी। खुद ही देखरेख करती थी। सोहनी ने देवर के लड़के पिंटू को गोद लिया था। छह माह पहले पिंटू का सड़़क हादसे में निधन हो गया था।
आवाज नहीं आने से शक
सोहनी रोजाना सुबह जल्दी उठती थी। घर से बकरियों को चराने भी ले जाती थी। शुक्रवार शाम नजर नहीं आने और बकरियों की आवाज नहीं आने से परिजनों को शक हुआ। घर जाकर देखने पर पता चला। कातिल ने मकान के पीछवाड़े लगी जाली तोड़कर घर में प्रवेश किया।