भीलवाड़ा जिले के मांडल क्षेत्र के चतरपुरा गांव में प्रेम प्रसंग के चलते युवती को भगा ले जाने से आक्रोशित परिजनों ने रविवार रात को हंगामा किया। युवक के घर में घुसकर तोड़फोड़ कर आग लगा दी। इस दौरान युवक के परिजनों पर हमला कर दिया। आगजनी से घरेलू सामान जल गया। हमले में दम्पती […]
भीलवाड़ा जिले के मांडल क्षेत्र के चतरपुरा गांव में प्रेम प्रसंग के चलते युवती को भगा ले जाने से आक्रोशित परिजनों ने रविवार रात को हंगामा किया। युवक के घर में घुसकर तोड़फोड़ कर आग लगा दी। इस दौरान युवक के परिजनों पर हमला कर दिया। आगजनी से घरेलू सामान जल गया। हमले में दम्पती समेत छह जने घायल हो गए। मांडल पुलिस ने घायलों को मांडल अस्पताल भर्ती कराया। इस संबंध में तोड़फोड़ और आगजनी का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया।
थानाप्रभारी रोहिताश्व यादव के अनुसार हिम्मतसिंहदरोगा का एक अन्य समाज की युवती के साथ प्रेम प्रसंग था। तीन-चार दिन पूर्व हिम्मतसिंह युवती को भगा ले गया। युवती के परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन युगल का पता नहीं लगा। इस बीच रविवार रात को युवती के परिजन और ग्रामीण मंदिर में एकत्र हुए। उन्होंने हिम्मत के पिता जगदीश कुमार को वहां बुलाया, लेकिन वह नहीं गया। इससे आक्रोशित परिजन देर रात हिम्मत के घर पहुंच गए। दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए। परिजनों के साथ लकडि़यों और पत्थर से मारपीट की।
इस दौरान मकान में आग लगा दी। इससे घरेलू सामान जल गया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और माहौल गरमा गया। सूचना पर मांडल पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान आरोपी भाग गए। हमले में जगदीश ( 55), उसकी मां गीता देवी (70), पुत्री सीमा (23), पत्नी लाडी देवी (50) तथा एक साल की दोहिती ज्योति व बीच बचाव में आए महावीर (30) को चोट लगी। उनको मांडल अस्पताल लाया गया। जगदीश की हालत खराब होने पर उदयपुर रैफर कर दिया। पुलिस ने जगदीश की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया। एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।