
फोटो पत्रिका नेटवर्क
अरवड़ (भीलवाड़ा)। सोने-चांदी की कीमतों में हो रहे इजाफे के बाद चोरों ने सनसनीखेज तरीका अपनाया। क्षेत्र के कोठिया गांव में बुधवार रात चोरी की नीयत से घर में घुसे बदमाशों ने परिवार को कमरों में बंधक बनाकर बरामदे में सो रही 90 वर्षीय वृद्धा को चारपाई समेत उठा लिया।
वृद्धा ने डेढ़ किलो चांदी के गहने पहन रखे थे। खेत में ले जाकर वृद्धा के हाथ-पैर बांध दिए। गनीमत रही कि परिवारों को समय पर पता चल गया। ऐसे में बदमाश वृद्धा को खेत में छोड़कर भाग गए। गहने लूटकर नहीं ले जा पाए।
कोठिया की पूर्व सरपंच नाथी देवी माली के घर में चोर घुस गए। चोरों ने वारदात से पहले परिवार के अन्य सदस्यों के कमरों की बाहर से कुंडी लगा दी। नाथी देवी की सास छोटी देवी बरामदे में चारपाई पर सो रही थी। शरीर पर पहने डेढ़ किलो चांदी के गहने के कारण छोटी देवी का मुंह दबाकर चारपाई समेत उठा ले गए। उसे निकट ही खेत में ले गए। वहां उसके हाथ-पैर बांध दिए।
इस दरम्यान परिवार के लोगों की नींद खुल गई। उन्होंने दरवाजा खोलने का प्रयास किया तो बाहर से कुंडी लगी मिली। इस पर परिवार ने शोर मचाया। ग्रामीणों ने कुंडी खोली तो छोटी देवी घर में नहीं थी। अनहोनी की आशंका में उसकी तलाश की। खेत में वृद्धा जमीन पर पड़ी मिल गई। इस दौरान बदमाश भाग गए। पुलिस आरोपियों का पता कर रही है।
Updated on:
05 Feb 2026 09:14 pm
Published on:
05 Feb 2026 09:14 pm
