
भीलवाड़ा।
सुभाषनगर पुलिस ने दो साल पूर्व शिक्षिका पत्नी पर चाकू से हमले के आरोप में दो साल से फरार युवक को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। उसे प्रोडक्शन वारंट से जेल से हिरासत में लिया गया। आरोपी ने छह दिन पूर्व अदालत में समर्पण कर दिया था।
सहायक उपनिरीक्षक कैलाशचन्द्र भानावत के अनुसार विजयसिंह पथिकनगर निवासी रोहित टेलर को गिरफ्तार किया गया। उसे अदालत में पेश कर चार दिन के रिमाण्ड पर लिया। 27 जुलाई को अदालत में समर्पण किया था। जहां से जेल भेज दिया। रोहित ने पूछताछ में बताया कि वारदात के बाद अहमदाबाद भाग गया था। वहां परिचित के ठहरा। इन दो साल में उसने अहमदाबाद और मुम्बई में फरारी काटी। अहमदाबाद में चाकू छिपाया था। पुलिस चाकू बरामद करने अहमदाबाद जाएगी।
मालूम हो, 12 अगस्त 2016 को आरके कॉलोनी में मिनल मंत्री मोपेड से निजी स्कूल पढ़ाने जा रही थी। मजदूर चौराहे से सत्यम कॉम्प्लेक्स के बीच में कार से पहुंचे आरोपी ने पत्नी मिनल को रोक लिया और ताबड़तोड़ चाकू से वार कर भाग गया। अधिकांश वार छाती और एक हाथ पर लगा। उसे बाद में महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। उसके खिलाफ कातिलाना हमले का मामला सुभाषनगर थाने में दर्ज कराया गया था। मिनल और रोहित का प्रेम विवाह वर्ष-2005में हुआ था। कुछ समय बाद ही दोनों मनमुटाव हो गया। इस पर मिनल अपने पीहर रह रही थी। मनमुटाव के चलते उस पर हमला किया गया।
गुरलां में सूने मकान से हजारों का माल पार
बागोर. कारोही थाना क्षेत्र के गुरलां गांव में स्थित सूने मकान से मंगलवार रात हजारों का माल पार हो गया। गांव में बढ़ती चोरियों की वारदातों से आमजन खौफजद है। पुलिस गश्त व्यवस्था पर सवाल उठे रहे है।
जानकारी के अनुसार गुरलां स्थित शिवनगर कॉलोनी में नारायण माली के सूने मकान में रात में चोर घुस गए। कमरों का ताला तोड़कर छत के तीन पंखे, पानी की मोटर, गैस चूल्हा, प्रेस, गेहूं की चार बोरी ले गए। गृहस्वामी की पत्नी शांति देवी बुधवार दोपहर में घर आई तो घर का दरवाजा खुला देखकर उसके होश उड़ गए। कमरों में सामान बिखरा हुआ था। सूचना पर कारोही पुलिस वहां पहुंची।