भीलवाड़ा

एटीएम लूट का प्रयास, मुंबई मुख्यालय पर बजा सायरन, चौकीदार भेजा तो भाग छूटे बदमाश

गुलाबपुरा थाना क्षेत्र में सरेरी के निकट दो लुटेरों ने बैंक ऑफ बड़ौदा का एटीएम काटने का प्रयास किया।

less than 1 minute read
Dec 24, 2023
एटीएम लूट का प्रयास, मुंबई मुख्यालय पर बजा सायरन, चौकीदार भेजा तो भाग छूटे बदमाश

गुलाबपुरा थाना क्षेत्र में सरेरी के निकट दो लुटेरों ने बैंक ऑफ बड़ौदा का एटीएम काटने का प्रयास किया। बैंक के मुंबई मुख्यालय में सायरन बजने और वहां से फोन आने के बाद नजदीक स्थित फैक्ट्री का चौकीदार एटीएम पहुंचा तो लुटेरे अपने साथ लाया गैस कटर छोड़कर भाग गए। चौकीदार के पहुंचने से एटीएम में लाखों रुपए की राशि बच गई। पुलिस लुटेरों की तलाश कर रही है। जिले में हाल में हमीरगढ़ और गंगापुर में एटीएम लूट हो चुकी है।

पुलिस के अनुसार, सरेरी में अजमेर नेशनल हाईवे रोड पर सुदिवा स्पिनर्स के बाहर बैंक ऑफ बड़ौदा का एटीम है। रात डेढ बजे गैस कटर लेकर दो लुटेरे पहुंचे। एटीएम के बाहर कैमरे के तार काट दिए और कैमरे का एंगल घुमा दिया। शटर खोल एटीएम में घुसे। उनके घुसते ही बैंक के मुंबई हैड ऑफिस में सायरन बज उठा। वहां से जानकारी सैक्टर मैनेजर को दी। मैनेजर ने सुदिवा के चौकीदार को फोन कर एटीएम देखने भेजा। चौकीदार के हल्ला मचाने से लुटेरे कटर छोड़कर बाइक लेकर भाग छूटे। घटना की जानकारी गुलाबपुरा व रायला पुलिस को दी। पुलिस ने कटर जब्त कर लिया। गुलाबपुरा थाने से एएसआई एमएल मीणा जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। रायला पुलिस भी मौके पर पहुंची।

हाल में तीसरी घटना
-हमीरगढ़ थाना क्षेत्र क्षेत्र में चितौड़ रोड़ पर एटीएम तोड़कर लाखों रुपए की लूट हुई।
-गंगापुर थाना क्षेत्र के बागोर रोड स्थित एटीएम को तोड़कर 14 लाख रुपए लूट ले गए।
-रायला थाना क्षेत्र के सरेरी में एटीएम लूट की कोशिश। हालांकि पैसे बच गए।

Published on:
24 Dec 2023 06:54 pm
Also Read
View All