भीलवाड़ा

पेच के बालाजी: श्रीराम दरबार में कल से मनेगा राम जन्मोत्सव

शिखर पर फहराएगी ध्वजा, दुग्धाभिषेक के साथ गूंजेंगे वैदिक मंत्र

2 min read
Mar 25, 2026
पेच के बालाजी: श्रीराम दरबार में कल से मनेगा राम जन्मोत्सव

बालाजी मार्केट स्थित पेच के बालाजी मंदिर परिसर के श्रीराम दरबार में गुरुवार को राम जन्मोत्सव (रामनवमी) पूरे उल्लास और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह मंगला आरती के साथ होगा। इसके पश्चात मदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष अनिल कुमार मानसिंहका की ओर से श्रीराम दरबार के शिखर पर विधि-विधान से पूजन कर ध्वजा फहराई जाएगी। सुबह 8 बजे पंडित राघव, केशव एवं युगराज शर्मा के सानिध्य में विद्वान पंडितों द्वारा श्रीराम दरबार का दुग्धाभिषेक किया जाएगा।

हनुमानजी धारण करेंगे रजत चोला

बालाजी मंदिर के पंडित आशुतोष शर्मा ने बताया कि इस पावन अवसर पर श्रीराम दरबार को आकर्षक और मनमोहक वस्त्र-आभूषणों से अलंकृत कर भव्य पुष्प शृंगार किया जाएगा। वहीं हनुमानजी को रजत चोला धारण करवाया जाएगा। दोपहर 11:30 बजे से 12:30 बजे तक जन्मोत्सव की विशेष महाआरती होगी और श्रद्धालुओं को दर्शन लाभ के साथ प्रसाद का वितरण किया जाएगा। जन्मोत्सव के उल्लास को दोगुना करने के लिए शाम को मंदिर परिसर में भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।

वीर हनुमान मंदिर में रामनवमी 26 को

वीर हनुमान मंदिर वीर सावरकर चौक में गुरुवार को रामनवमी पर्व मनाया जाएगा। अध्यक्ष महेंद्र पाटील एवं कोषाध्यक्ष दिनेश जागेटिया ने बताया कि इस दिन दोपहर 12 बजे महाआरती के बाद खोपरा पाक और सहगारी नमकीन का प्रसाद वितरित किया जाएगा।

महाष्टमी: 26 मार्च को

अष्टमी तिथि 25 मार्च को दोपहर 1:50 बजे से ही लग जाएगी, लेकिन उदय तिथि के अनुसार महाष्टमी का पर्व 26 मार्च को ही मनाया जाएगा। 26 मार्च को सुबह 11:49 तक अष्टमी रहेगी, इसलिए कन्या पूजन सुबह के समय करना सबसे श्रेष्ठ रहेगा।

पूजन के शुभ चौघड़िए 26 मार्च

शुभ: सुबह 6.39 से 8.10 बजे तक

  • अभिजित मुहूर्त: दोपहर 12.29 से 01.08 बजे तक
  • चंचल व लाभ: सुबह 11.13 से दोपहर 3.46 बजे तक
  • शाम का शुभ मुहूर्त: शाम 5.17 से 6.48 बजे तक

महानवमी 27 मार्च को

नवमी तिथि 26 मार्च को सुबह 11:49 बजे से शुरू होकर 27 मार्च की सुबह 10:06 बजे तक रहेगी। उदय तिथि के चलते महानवमी 27 मार्च को मनाई जाएगी। इसी दिन कन्या पूजन करना शास्त्रसम्मत होगा। श्रद्धालु 27 मार्च को सुबह 10:06 बजे नवमी तिथि समाप्त होने के बाद ही व्रत का पारण कर अन्न ग्रहण करें।

महानवमी पूजन के श्रेष्ठ मुहूर्त 27 मार्च

  • सुबह का मुहूर्त: 6.48 से 11.12 बजे तक
  • अभिजित मुहूर्त: दोपहर 12.19 से 1.08 बजे तक
  • शुभ: दोपहर 12.43 से 2.15 बजे तक
  • चंचल: शाम 5.17 से रात 9.48 बजे तक
Published on:
25 Mar 2026 09:23 am
Also Read
View All

अगली खबर