भीलवाड़ा

भीलवाड़ा में श्वान के बधियाकरण पर लगाई रोक

भीलवाड़ा.एनिमल वेलफेयर बोर्ड ऑफ इण्डिया नई दिल्ली ने भीलवाड़ा शहर में श्वानों के बधियाकरण पर रोक लगा दी है।
less than 1 minute read
Jan 01, 2023
भीलवाड़ा में श्वान के बधियाकरण पर लगाई रोक
भीलवाड़ा में श्वान के बधियाकरण पर लगाई रोक

भीलवाड़ा.एनिमल वेलफेयर बोर्ड ऑफ इण्डिया नई दिल्ली ने भीलवाड़ा शहर में श्वानों के बधियाकरण पर रोक लगा दी है। बोर्ड ने नगर परिषद से इस मामले में 15 दिन में जवाब मांगा है। बोर्ड ने यह कदम लगातार मिल रही शिकायतों के बाद उठाया।

बीते दो-तीन साल से कई संस्थाएं शहर में लगातार बढ़ रहे श्वानों की तादाद देखते इसके बधियाकरण की मांग कर रहे थे। इस आधार पर नगर परिषद ने जयपुर की संस्था संतुलन जीव कल्याण को 1090 रुपए प्रति श्वान बधियाकरण का ठेका दिया। संस्था ने 12 अक्टूबर से कार्य शुरू किया। अब तक 5 हजार श्वानों का बधियाकरण कर दिया। इस बीच कुछ महिला संगठनों ने ठेका संस्था पर लापरवाही का आरोप लगाया। इन संगठनों ने जिला कलक्टर से शिकायत की कि श्वानों को पर्याप्त भोजन नहीं दिया गया व मरने के बाद खुले में डाल दिया गया। इस पर एनिमल वेलफेयर बोर्ड ऑफ इण्डिया ने नगर परिषद आयुक्त को पत्र लिखा। साथ ही एनिमल बर्थ कन्ट्रोल नियमों की अवहेलना बताते श्वान के बधियाकरण पर रोक लगा दी।
पीपुल फॉर एनीमल्स के प्रदेश प्रभारी बाबूलाल जाजू ने बताया कि बोर्ड ने नगर परिषद से 15 दिन में कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है। उधर जीव कल्याण संस्था के डॉ. नविस मेहरा ने बताया कि आयुक्त का आदेश मिलने पर बधियाकरण का काम रोक दिया गया।

Published on:
01 Jan 2023 12:40 pm