
Rajasthan Panchayat Election 2026: भीलवाड़ा जिले में जिला परिषद, पंचायत समितियों और ग्राम पंचायतों के होने वाले चुनावों में इस बार चुनावी मैदान का नजारा बेहद रोचक होने वाला है। राज्य निर्वाचन आयोग ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ-साथ निर्दलीय और अन्य उम्मीदवारों के लिए चुनाव चिन्हों की घोषणा कर दी है। इस बार आयोग ने ऐसे-ऐसे चुनाव चिन्ह जारी किए हैं, जो मतदाताओं के बीच खासे चर्चा का विषय बनेंगे।
आयोग की ओर से जारी सूची के अनुसार राष्ट्रीय दलों में आम आदमी पार्टी को 'झाड़ू', बहुजन समाज पार्टी को 'हाथी', भाजपा को 'कमल', कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सिस्ट) को 'हथौड़ा, हंसिया और सितारा', कांग्रेस को 'हाथ' और नेशनल पीपुल्स पार्टी को 'किताब' का आरक्षित प्रतीक दिया गया है। वहीं, राजस्थान राज्य के मान्यता प्राप्त दलों में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी का चुनाव चिन्ह 'बोतल' और भारत आदिवासी पार्टी का 'हॉकी और बॉल' निर्धारित है।
जिला परिषद के प्रमुख-उप प्रमुख, पंचायत समिति के प्रधान-उप प्रधान तथा पंचायत समिति सदस्यों के लिए 20-20 मुक्त चुनाव चिन्हों की सूची जारी की गई है। प्रत्याशियों को अलमारी, चप्पलें, सेब, कोट, गुब्बारा, चारपाई, चूड़ियां, मिक्सी, मोतियों का हार, पेंसिल डिब्बा, बेंच, तकिया, आदमी व पाल युक्त नौका, बिजली का खंभा, बक्सा, बांसुरी, ईंटें, फ्रॉक, बाल्टी और रेफ्रिजरेटर जैसे चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
जिला परिषद सदस्य के निर्वाचन के लिए 20 चुनाव चिन्ह जारी किए गए हैं। इनमें लिफाफा, टेलीविजन, फव्वारा, टेलीफोन, फूलगोभी, गैस का चूल्हा, जंजीर, टॉफियां, चक्की, साइकिल पंप, अंगूर, आरी, हरी मिर्च, स्कूल का बस्ता, हाथगाड़ी, कैंची, हारमोनियम, सिलाई की मशीन, आइसक्रीम और जूता शामिल हैं।
सरपंच के लिए निर्वाचन आयोग ने सबसे ज्यादा 40 मुक्त चुनाव चिन्ह जारी किए हैं। इनमें कई रोजमर्रा की अजब-गजब चीजें शामिल हैं। सरपंच पद के उम्मीदवारों के लिए प्रेस, स्लेट, कटहल, जुराबें, केतली, सोफा, भिंडी, हेलमेट, लेडी पर्स, स्टूल, कुंडी, झूला, लेटर बॉक्स, सिरिंज, माचिस की डिब्बी, मेज, माइक, टेंट, कड़ाही, कैमरा, नाशपाती, चिमटा, ट्यूबलाइट, टूथब्रश, मूसल और खरल, टूथपेस्ट, पेट्रोल पंप, ट्रक, करनी, टायर, बिस्कुट, छड़ी, प्रेशर कुकर, दीवार खूंटी, रेजर, अखरोट, खिड़की, तरबूज, रोड रोलर और पानी का टैंक जैसे चुनाव चिन्ह निर्धारित किए गए हैं।
वहीं, पंच पद के निर्वाचन के लिए भी 40 मुक्त चुनाव चिन्हों की सूची जारी की गई है। पंच प्रत्याशियों के लिए पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों वाले चिन्हों को मिलाकर अलमारी, चप्पलें, बांसुरी, फव्वारा, हरी मिर्च और हारमोनियम समेत कुल 40 विकल्प रखे गए हैं।