15 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rajasthan Railway News: ‘आधी रात’ को रेलवे ट्रैक पर बदमाशों की बड़ी करतूत, चलती ट्रेन में उलझे तार- टला बड़ा रेल हादसा?

कोटा रेल मंडल में ओएचई (OHE) तार चोरी की बढ़ती घटनाएं। बरून्दनी और पारसोली के बीच चोरों ने काटे तार, मंदसौर-कोटा ट्रेन का पैंटोग्राफ टूटा। 36 दिन में चौथी वारदात।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भीलवाड़ा

•

image

Nakul Devarshi

•

Updated: 15 Nov 2026, 1:32 PM IST

Kota Railway Division OHE Wire Theft Mandsaur Kota Train Pantograph Broken Barundani Parsoli

Kota Railway Division OHE Wire Theft Mandsaur Kota Train Pantograph Broken

कोटा रेल मंडल में ट्रेनों के सुरक्षित संचालन के लिए बिछाई जाने वाली हाई-टेंशन बिजली की लाइनों (OHE - Overhead Equipment) को निशाना बनाने वाले चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला कोटा-चित्तौड़गढ़ रेल खंड से सामने आया है, जहां बरून्दनी और पारसोली रेलवे स्टेशनों के मध्य चोरों ने चालू लाइन के तार काट दिए। हालांकि, इस बार चोरों से एक बड़ी गलती हो गई, जिसके चलते एक बड़ा रेल हादसा टल गया।

क्या है पूरा घटनाक्रम और कैसे टूटा पैंटोग्राफ?

रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की देर रात करीब 1 बजे चोरों ने बरून्दनी और पारसोली के बीच इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने चालू लाइन से ओएचई (OHE) का तार तो काट लिया, लेकिन रात के अंधेरे में उन्हें यह पता नहीं चला कि वे तांबे की जगह करीब 65 फीट लोहे का तार काट रहे हैं।

चोरों ने साथ ले जाने के लिए इस कटे हुए तार का बंडल भी बना लिया था, लेकिन जैसे ही उन्हें यह अहसास हुआ कि तार तांबे का नहीं बल्कि लोहे का है, वे डरकर मौके पर ही बंडल छोड़कर फरार हो गए।

इस बीच, वहां से गुजर रही मंदसौर-कोटा ट्रेन (59834) मौके पर पहुंच गई। अचानक ट्रेन के इंजन का पैंटोग्राफ पटरियों पर लटक रहे कटे हुए तारों में उलझ गया, जिससे तेज झटके के साथ पैंटोग्राफ टूटकर नीचे गिर गया।

इस तकनीकी खामी के कारण ट्रेन को मौके पर ही ढाई घंटे तक खड़ा रखना पड़ा। बाद में मांडलगढ़ से टावर वैगन मौके पर पहुंची और कटे तारों की मरम्मत के बाद ट्रेन को दूसरे पैंटोग्राफ की मदद से आगे के लिए रवाना किया गया।

36 दिन में चौथी घटना, अधिकारियों ने बनाई जांच समिति

कोटा रेल मंडल में पिछले 36 दिनों के भीतर ओएचई चोरी की यह चौथी बड़ी घटना है, जिसने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस लगातार हो रही वारदातों पर संज्ञान लेते हुए रेलवे प्रशासन ने शनिवार को वरिष्ठ अधिकारियों की एक विशेष जांच समिति का गठन किया है। कोटा और बूंदी आरपीएफ (RPF) ने भी मामले की अपने स्तर पर जांच शुरू कर दी है।

रामगंजमंडी आरपीएफ ने इससे पहले हुई घटनाओं में चोरी की रिपोर्ट दर्ज करने से इनकार कर दिया था, हालांकि बाद में दबाव बढ़ने पर मामले दर्ज किए गए। इस मामले में भी आरपीएफ ने आधिकारिक रिपोर्ट दर्ज करने से फिलहाल बचते हुए जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।

लगातार सक्रिय हैं चोर गैंग, पिछले 5.5 साल में छठा मामला

रेलवे रिकॉर्ड के मुताबिक, इस रूट पर ओएचई चोरी होने का यह पिछले साढ़े पांच साल में छठा मामला है। इससे पहले की प्रमुख घटनाएं इस प्रकार हैं।

1 नवंबर: कोटा-रामगंजमंडी रेल खंड पर दाढ़देवी और अलनिया के बीच चोरों ने तार काटे। मौके पर इंदौर-हिसार ट्रेन आने के कारण चोर तार छोड़कर भाग गए, जिससे पूरी रात डाउन लाइन पर रेल संचालन ठप रहा और आधा दर्जन ट्रेनें घंटों देरी से चलीं।

अक्टूबर के मामले: रामगंजमंडी-भोपाल नई रेल लाइन स्थित जुल्मी और झालावाड़ स्टेशनों के बीच 19 और 9 अक्टूबर को क्रमशः 50 और 300 मीटर तार चोरी किए गए थे। हालांकि, दूसरी घटना में पुलिस ने चार चोरों को गिरफ्तार कर लिया था।

अप्रैल 2021: इससे पहले झालरापाटन और जूना खेड़ा के बीच करीब 10 लाख रुपये मूल्य की ओएचई काटी गई थी।

लगातार हो रही इन वारदातों से स्पष्ट है कि रेलवे लाइनों के आसपास सक्रिय चोर गिरोह सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ी चुनौती बने हुए हैं।