14 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

भीलवाड़ा में इंजेक्शन लगाने के बाद लड़की की मौत का आरोप, गुस्साई भीड़ ने मेडिकल स्टोर फूंका

भीलवाड़ा के सुभाष नगर में बुखार के इलाज के दौरान कथित गलत इंजेक्शन लगाने से 17 वर्षीय प्राची मेहता की मौत हो गई। आक्रोशित लोगों ने मेडिकल स्टोर पर पथराव और आगजनी की। प्रशासन ने दुकान सीज कर दी।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भीलवाड़ा

•

image

Arvind Rao

•

Updated: 14 Nov 2026, 6:47 PM IST

bhilwara 17 Year old girl death

मृतका प्राची मेहता (पत्रिका फोटो)

भीलवाड़ा: सुभाष नगर क्षेत्र में बुखार के इलाज के दौरान कथित रूप से गलत इंजेक्शन लगाने से 17 वर्षीय किशोरी की मौत होने पर शनिवार को माहौल गरमा गया। घटना से आक्रोशित परिजनों और क्षेत्रवासियों ने लवकुश मेडिकल स्टोर के बाहर जमकर हंगामा व पथराव किया और दुकान में आग लगाने का प्रयास किया। बढ़ते बवाल को देखते हुए प्रशासनिक अमले ने मौके पर पहुंचकर मेडिकल स्टोर को सीज कर दिया है।

दरअसल, सुभाष नगर में सरकारी स्कूल के पास रहने वाले राकेश मेहता की 17 वर्षीय पुत्री प्राची मेहता को 11 नवंबर की शाम बुखार आया था। परिजन उसे सुभाष नगर स्थित एक मेडिकल स्टोर पर ले गए। आरोप है कि मेडिकल स्टोर संचालक ने खुद ही चिकित्सक की तरह इलाज करते हुए प्राची को इंजेक्शन लगा दिया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ती चली गई।

अगले दिन तबीयत में सुधार नहीं होने पर परिजन उसे निजी चिकित्सालय ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। हालांकि, उसी रात हालत अधिक गंभीर होने पर उसे दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे उदयपुर रेफर कर दिया। उदयपुर के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान प्राची की मौत हो गई।

मौत की खबर से भड़का गुस्सा, दुकान पर पथराव और आगजनी

शनिवार दोपहर जैसे ही प्राची की मौत की सूचना भीलवाड़ा पहुंची, परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मेडिकल स्टोर के बाहर एकत्र हो गए। गुस्साई भीड़ ने बंद दुकान के शटर पर भारी पत्थर बरसाए और पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। गनीमत रही कि आग दुकान के भीतर तक नहीं फैली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हंगामे के दौरान लोगों ने पुलिस के देरी से पहुंचने को लेकर भी भारी नाराजगी जताई।

पुलिस की समझाइश के बाद तहसीलदार ने सीज की दुकान

घटनास्थल पर तनाव बढ़ता देख सीओ सदर अंजलि सिंह और सुभाष नगर थाना प्रभारी कैलाश चंद्र बिश्नोई पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित भीड़ को समझाइश देकर शांत कराया। जनआक्रोश और मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की। मौके पर पहुंचे तहसीलदार ने संबंधित मेडिकल स्टोर को सीज कर दिया।

पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द

इधर, सूचना मिलने पर सहायक उप निरीक्षक मुकेश कुमार खींची उदयपुर पहुंचे और पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द किया। पुलिस का कहना है कि मेडिकल स्टोर संचालक के अवैध रूप से उपचार करने और दिए गए इंजेक्शन की गहन जांच कराई जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के तथ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अस्पताल में डॉक्टर नहीं, मेडिकल स्टोर पर जाना मजबूरी

मेडिकल स्टोर के पास सरकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र है, लेकिन यहां सप्ताह में दो दिन ही डॉक्टर बैठते हैं। स्टाफ भी अक्सर नदारद रहता है। मरीजों की मरहम-पट्टी करने में भी आनाकानी की जाती है। विधायक को भी शिकायत की, लेकिन हालात नहीं सुधरे।
-पवन लोढ़ा, क्षेत्रवासी

मैं जब भी डिस्पेंसरी में आती हूं, डॉक्टर नहीं मिलता है। स्टाफ मना कर देता है कि डॉक्टर छुट्टी पर हैं। ऐसे में लोगों को सर्दी, जुकाम, बुखार सहित छोटी-मोटी बीमारियों के लिए मेडिकल स्टोर पर जाना पड़ता है। स्टोर संचालक दवा देने के बजाय बिना किसी प्रशिक्षण व लाइसेंस के इंजेक्शन व ड्रिप तक लगा देता है।
-जशोदा गवारिया, क्षेत्रवासी