विहिप और बजरंग दल की शौर्य यात्रा संपन्न, आजाद चौक में धर्मसभा
भीलवाड़ा. विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल की शौर्य यात्रा रविवार को आजाद चौक में धर्मसभा के साथ संपन्न हुई। इससे पहले भीलवाड़ा शहर में सात जगह से भगवा वाहन रैली निकाली गई। शहर इस दौरान भगवामयी हो गया। यात्रा का जगह-जगह स्वागत हुआ। शहर में चारों तरफ श्रीराम व रामलला के जयकारे गूंजते रहे। यह शौर्य यात्रा अयोध्या में भगवान श्रीराम के जन्म स्थान पर राम मंदिर की संकल्पना के पूर्ण होने पर निकाली जा रही है।
महानगर संयोजक अखिलेश व्यास व प्रचार-प्रसार प्रमुख प्रितेश जैथलिया ने बताया कि भीलवाड़ा महानगर में यात्रा का प्रवेश अहिंसा सर्किल से हुआ। वहां से वाहन रैली के रूप में सांगानेरी गेट, धान मंडी, भीमगंज थाना, महाराणा टॉकीज, बजरंगी चौराहा से आजाद चौक पहुंची। रैली सभा में बदल गई। महानगर की सात स्थानों से वाहन रैली में शास्त्री प्रखंड की बलराम व्यायामशाला, कांवाखेड़ा, स्वामी रामचरण प्रखंड की बगता बाबा, राणा सांगा प्रखंड की रावला चौक, सांगानेर सुभाष प्रखंड की श्रीराम मंदिर, छोटी पुलिया, महर्षि वाल्मिकी प्रखंड की मलोला चौराया, आजाद प्रखंड की कुम्भा सर्कल सरदार वल्लभ प्रखंड की बालाजी मंदिर मीरा सर्कल से भगवा वाहन रैली शामिल थी। ये रैलियां आजाद चौक पहुंची। जहां सभा हुई।
सभा में विहिप के केंद्रीय संयुक्त महामंत्री डॉ.सुरेंद्र जैन ने कहा कि शौर्य जागरण यात्रा पूरे देश में निकाली जा रही है। युवा विहिप के साथ जुड़ने और संकल्प लेने को भी तैयार है। सेवा, सुरक्षा और संस्कार बजरंग दल का बौध वाक्य है, इसकी पूर्ति को आगे आकर कार्य करने को तैयार हैं। देश के महापुरुष, वीर बलिदानियों को नमन करते यात्रा का समापान हुआ। देश के सामने चुनौतियां हैं, चाहे वो धर्मान्तरण हो या लव जिहाद। विहिप व बजरंग दल इन चुनौतियों को स्वीकार करते हुए समाज के बीच खड़े है।
विहिप व बजरंग दल के केंद्रीय एवं प्रांतीय अधिकारियों ने शौर्य यात्रा की जानकारी दी। यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र के साथ जोड़कर सेवा संस्कार और राष्ट्र की सुरक्षा के लिए तैयार करना है। महंत हंसराम, काठियावाले बाबा बनवारीशरण शास्त्री, मोहनशरण शास्त्री ने सम्बोधित किया। अशोक कोठारी, तिलोक छाबड़ा, कौशल, गणेश प्रजापत, रामप्रकाश बहेड़िया, विजय ओझा, विनीत त्रिवेदी, भारत गेगट, सुमित खंडेलवाल, राम लखन शंभू वैष्णव उपस्थित थे।