
भीलवाड़ा विधानसभा चुनाव में अब तक नामांकन दाखिल करने वालों में सबसे मालदार मांडल से कांग्रेस प्रत्याशी व राजस्व मंत्री रामलाल जाट हैं। उन पर करेड़ा थाने में खनन क्षेत्र से मशीनरी चुराने का मामला दर्ज है। इसी प्रकार जहाजपुर से भाजपा प्रत्याशी गोपीचन्द मीणा व मांडल से भाजपा उम्मीदवार उदयलाल भडाणा पर भी मामले विचाराधीन है। ये तथ्य नामांकन पत्र के साथ पेश दस्तावेज खंगालने से सामने आए।
रामलाल: 220 बीघा जमीन में निवेश
मांडल से कांग्रेस प्रत्याशी व मंत्री रामलाल जाट पर करेड़ा थाने पर खनन क्षेत्र से मशीनरी चोरी का मामला दर्ज है। उनके पास 2 लाख 63 हजार 463 रुपए तथा पत्नी के पास 3 लाख 16 हजार 950 रुपए नकदी है। 210 ग्राम सोना स्वयं तथा 375 ग्राम सोना व 15 किलो चांदी पत्नी के पास है। जाट ने बैंक से 94 लाख 6 हजार 896 रुपए का व्यक्तिगत ऋण ले रखा है। पत्नी के नाम पर 48 लाख 97 हजार रुपए का व्यक्तिगत ऋण है। दोनों के नाम पर वाहन नहीं है। सकल सम्पति 2 करोड़ 1 लाख 56 हजार 167 रुपए है। पत्नी के नाम पर कुल कुल सम्पति 1 करोड़ 13 लाख 1800 रुपए की है। इसमें दोनो का सोना-चांदी व नकदी शामिल है। जाट ने 220 बीघा जमीन पर निवेश बताया है। इनकी राशि 1 करोड़ 90 लाख तथा पत्नी के नाम पर 70 लाख का निवेश कर रखा है। जयपुर, भीलवाड़ा के आरसी व्यास नगर, सुखाडिया नगर, आरजिया में दो मकान है। अन्य स्थानों पर भूखण्ड है। इनकी कीमत 4 करोड़ 61 लाख तथा पत्नी के नाम पर 2 करोड़ 93 लाख की सम्पत्ति है। जाट ने 2 करोड़़ 73 लाख 24 हजार 268 तथा पत्नी के नाम 1 करोड़ 46 लाख 21 हजार 125 रुपए का बैंक से ऋण दर्शा रखा है।
उदयलाल: प्रदर्शन का मामला विचाराधीन
मांडल से भाजपा प्रत्याशी उदयलाल भडाणा के पास 1 लाख 15 हजार रुपए तथा पत्नी के पास 1 लाख रुपए नकद है। बेटे-बेटियाें के पास 2 लाख 97 हजार रुपए हैं। इनके, पत्नी व बच्चों के बैंक खातों में 85 हजार 428 रुपए हैं। 2007 में खरीदी हुई एक बाइक है। एक नया वाहन खरीदा है। स्वयं के पास 90 ग्राम साेना, पांच साै ग्राम चांदी व पत्नी के पास 410 ग्राम सोना व छह किलो चांदी है। काेलीखेड़ा में इनके नाम पर दस लाख रुपए की जमीन है। पालड़ी में मकान है। भडाणा ट्रांसपोर्ट व्यवसायी है। पत्नी सिलाई करती है। इनके व परिजनों के नाम पर कुल 1 करोड़ 17 लाख 10 हजार 378 रुपए की चल व अचल संपत्ति है। बनेड़ा में सड़क पर प्रदर्शन का एक मामला दर्ज है।
गोपीचन्द: वाहन नहीं, छह मामले विचाराधीन
जहाजपुर से भाजपा प्रत्याशी गोपीचन्द मीणा पर 6 मामले विचाराधीन है। कोरोना गाइड लाइन की पालना नहीं करने का मामला भी चल रहा है। मीणा के पास 30 हजार व पत्नी के पास डेढ़ लाख नकद हैं। दोनों के पास 120 ग्राम सोना व 3 किलोग्राम चांदी है। दोनों के बैंक खाते में 10.50 लाख रुपए जमा है। बच्चों के नाम पर दो दुपहिया वाहन है। तीनों बच्चों के नाम 16 लाख की एलआईसी है। परिवार की कुल सकल संपत्ति 36.45 लाख की है। मीणा के नाम पर सरसिया, गणेशपुरा तथा पीपलूंद में कुल 6.04 एकड़ कृषि भूमि है। पत्नी के नाम पर 7.1 एकड़ जमीन है। सरसिया व जयपुर में आवासन मंडल का मकान है। इनका बाजार मूल्य 75 लाख रुपए है। स्वयं के नाम एक लाख तथा पत्नी के नाम पर डेढ लाख का बैंक ऋण है।
मेवाड़ा : पत्नी मालदार, 250 ग्राम सोना, कर्जा भी ले रखा
आसीन्द से कांग्रेस प्रत्याशी हगामीलाल मेवाड़ा के पास एक लाख 20 हजार तथा पत्नी के पास एक लाख 30 हजार नकदी है। बैंक खातों में 4 लाख 51 हजार 365 तथा पत्नी के खाते में 1 लाख 50 हजार 697 रुपए है। पत्नी के नाम पर 64 लाख के दो चौपहिया वाहन है। स्वयं के पास 35 ग्राम व पत्नी के पास 250 ग्राम सोना है। कुल संकल सम्पति मेवाड़ा के पास 11 लाख 67 हजार 895 रुपए है। पत्नी के पास 86 लाख 23 हजार 531 रुपए है। पत्नी के नाम पर जयपुर में अपार्टमेंट में एक फ्लैट के अलावा 2 करोड़ 68 लाख 30 हजार की जायजाद है। मेवाड़ा के पास 2 करोड़ 95 लाख 70 हजार की जायजाद है। पत्नी के नाम पर तीन कार समेत बैंकों से 77 लाख 61 हजार 615 रुपए का तथा स्वयं के नाम पर 82 लाख 35 हजार 66 रुपए का ऋण बकाया है।
सांखला : पत्नी करती है सिलाई व पशुपालन
आसीन्द से भाजपा प्रत्याशी जब्बर सिंह सांखला व उनकी पत्नी सिलाई कार्य, कृषि तथा पशुपालन करते हैं। सांखला साक्षर हैं। खुद के पास 1 लाख 20 हजार व पत्नी के पास 1.60 लाख नकद राशि है। स्वयं के नाम पर 17 लाख का चोपहिया वाहन है। दोनों के पास 160 ग्राम सोना व 500 ग्राम चांदी है। सांखला के बैक खाते में 8 लाख 26 हजार 930 रुपए तथा पत्नी के खाते में मात्र 46 हजार 752 रुपए है। दोनों की कुल संकल सम्पति 39 लाख 44 हजार 682 रुपए है। स्वयं के नाम पर आसीन्द व जयपुर में मकान है। कुल जायजाद 70 लाख तथा पत्नी के पास 7 लाख 70 हजार की जायदाद है। स्वयं के नाम 8 लाख 7 हजार 171 रुपए का ऋण है।