भीलवाड़ा

भीलवाड़ा पुलिस ने 15 लाख का डोडा-चूरा पकड़ा

भीलवाड़ा जिले के मांडलगढ़ पुलिस ने शुक्रवार देर रात एक वाहन से 304 किलो डोडा चूरा बरामद किया।
3 min read
Dec 23, 2023
भीलवाड़ा पुलिस ने 15 लाख का डोडा-चूरा पकड़ा
भीलवाड़ा पुलिस ने 15 लाख का डोडा-चूरा पकड़ा

भीलवाड़ा जिले के मांडलगढ़ पुलिस ने शुक्रवार देर रात एक वाहन से 304 किलो डोडा चूरा बरामद किया। पुलिस ने बताया कि दोलपुरा के एक खेत पर बाड़े पर छापा मारा। वहां एक कार में डोडा-चूरा भरा था। मौके पर कोई मौजूद नहीं था। पुलिस ने कार जब्त कर डोडा-चूरा बरामद किया। इसकी कीमत लगभग 15 लाख रुपए बताई जा रही है। माना जा रहा है कि कार्रवाई की भनक लगने से तस्कर वाहन छोड़कर भाग गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर तस्करों की तलाश शुरू की। कार पर कोटा की नंबर प्लेट लगी थी।

चाकू से डरा वृद्धा के गहने लूटे
भीलवाड़ा. मांडल थाना क्षेत्र में बदमाश बकरियां चरा रही वृद्धा के गहने लूट ले गए। पुलिस के अनुसार, मांडल की ऐजी गाडरी (60) सूखी नाडी के पास जंगल में बकरियां चरा रही थी कि दोपहर साढ़े बारह बजे एक बाइक पर तीन जने आए। एक ने ऐजी से कुछ पूछा। इतने में दूसरा भी आ गया। दोनों ने ऐजी को धक्का देकर गिरा दिया। चाकू दिखा डराया व महिला के गले से दो मादलिए और एक रामनामी काटकर लूट ली। ऐजी के शोर मचाने पर आसपास से लोग आए व बदमाश भाग गए। महिला परिजनों के साथ थाने पहुंची व लूट की रिपोर्ट दी।

कोयले की 10 अवैध भट्टियां तोड़ी
भीलवाड़ा.शाहपुरा जिले के बनेड़ा थाने के लसाडिय़ा में कोयले की 10 अवैध भट्टियों को नष्ट किया गया। पुलिस के अनुसार तहसीलदार गोपाललाल जाप्ते के साथ लसाडिय़ा चरागाह पहुंचे। जहां लंबे समय से कोयले की अवैध भट्टियों पर बुलडोजर चलवाया।

दुकान से चुराई बाइक, दो गिरफ्तार
भीलवाड़ा. जहाजपुर पुलिस ने चोरी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया। इनसे बाइक बरामद की। पुलिस ने बताया कि जहाजपुर के रमेश सोनी की 10 अक्टूबर को चावंडिया चौराहे से मिठाई की दुकान के सामने से बाइक चोरी हो गई थी। पुलिस ने बाइक चोरी के आरोप में शक्करगढ़ के मनोज कीर व चोरी की बाइक खरीदने के आरोप में मंडाना थाना क्षेत्र के भीलखेड़ी निवासी विजय मीणा को गिरफ्तार किया।

बलात्कार के आरोपी को जेल भेजा
भीलवाड़ा. बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार अधेड़ को गंगापुर पुलिस ने पूछताछ के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। गंगापुर पुलिस ने बताया कि एक व्यक्ति ने 20 दिसंबर को रिपोर्ट दी कि 13 साल की बेटी को मालीखेड़ा निवासी नाथू बागरिया 100 रुपए का लालच देकर एकांत में ले गया व बलात्कार किया। पुलिस ने पोक्सो व एससीएसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने जांच नाथू को गिरफ्तार किया।

दीवान को हाथ-पैर तोड़ने की धमकी
भीलवाड़ा. प्रतापनगर थाना क्षेत्र में शहर की 100 फीट रोड पर पुलिस दीवान के हाथ-पैर तोड़ने की धमकी व मोबाइल छीनने का प्रयास किया गया। दीवान ने शनिवार को थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस के अनुसार दीवान जमनालाल ने रिपोर्ट दी कि वह 100 फीट रोड पर अपने भूखंड पर निर्माण कार्य देखकर दोपहर साढ़े बजे देवनारायण सर्किल जा रहा था। 100 फीट रोड पर अप्पू प्रजापत, राहुल प्रजापत व एक अन्य पाइप व रॉड लिए बुजुर्ग को मार रहे थे। राहगीर वीडियो बना रहे थे। वह रुक गया। अप्पू व राहुल दौड़कर आए और गाली-गलौच की व धक्का मारा। मोबाइल छीनने की कोशिश की। धमकाया कि इसके बाद तेरा नंबर है। तेरे भी हाथ-पैर तोड़ेंगे।


ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी
भीलवाड़ा. चित्तौड़गढ़ हाईवे स्थित पेट्रोल पंप पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी हो गई। मंगरोप पुलिस ने बताया कि नाथडि़यास के मनोहर कुम्हार ने रिपोर्ट दी कि उसने ट्रैक्टर मय ट्रॉली मंडपिया चौराहे के पास पेट्रोल पंप पर रात आठ बजे खड़ा किया। सुबह आठ बजे पंप पर पहुंचा तो ट्रैक्टर-ट्रॉली नहीं मिले। पंप के सीसी कैमरे खंगाले तो अज्ञात व्यक्ति ट्रैक्टर-ट्रॉली चित्तौड़ की ओर ले जाता दिखा।


बच्चों पर चोरी का आरोप, माता-पिता से मारपीट
भीलवाड़ा. बच्चों पर चोरी का आरोप लगा तीन लोगों ने दंपती से मारपीट की। काछोला पुलिस ने बताया कि बालूलाल ने रिपोर्ट दी कि भैंरूलाल, रवि और राकेश ने उसके बच्चों पर घर में चोरी का आरोप लगाया व गाली-गलौच की। बालूलाल समझाने गया तो उसे व पत्नी को जान से मारने धमकी दी। आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी वैन में तोड़फोड़ की। घर का दरवाजा तोड़ दिया।

Published on:
23 Dec 2023 09:43 pm