भीलवाड़ा

राजस्थान में हृदयविदारक…बाप ने दराती से मासूम बेटे का गला रेता, फिर जहर खाकर खत्म कर ली अपनी भी जिंदगी

भीलवाड़ा के बड़ला गांव में पिता राधेश्याम वैष्णव ने दराती से 12 वर्षीय बेटे वंश की हत्या कर दी। बाद में फंदा लगाने की कोशिश कर जहर खा लिया। अस्पताल में उसकी भी मौत हो गई। पुलिस गृह क्लेश और वायरल वीडियो की जांच कर रही है।

2 min read
Feb 27, 2026
Bhilwara Father Kills Son with Sickle Ends Own Life Chilling Murder-Suicide After Family Dispute
भीलवाड़ा में दराती से काटा 12 साल के बेटे का गला (पत्रिका फाइल फोटो)

Bhilwara News: भीलवाड़ा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक पिता ने अपने ही 12 वर्षीय मासूम बेटे की नृशंस हत्या कर खुद भी मौत को गले लगा लिया। बड़लियास थाना क्षेत्र के बड़ला गांव में हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।

घटना शुक्रवार सुबह करीब सात बजे की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, राधेश्याम वैष्णव नामक व्यक्ति ने घर में रखी फसल काटने वाली दराती से अपने बेटे वंश (12) पर हमला कर दिया। राधेश्याम ने बड़ी ही बेरहमी से मासूम का गला रेत दिया, जिससे वंश की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई।

वारदात के समय घर में पिता-पुत्र के अलावा कोई नहीं था। जब पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई और दरवाजा नहीं खुला, तो वे दीवार फांदकर अंदर घुसे, जहां चारपाई पर बालक का लहूलुहान शव पड़ा देख सबकी रूह कांप गई।

पहले फंदा लगाने की कोशिश, फिर खाया जहर

बेटे की जान लेने के बाद आरोपी पिता ने खुदकुशी का प्रयास किया। पुलिस जांच में सामने आया है कि राधेश्याम ने पहले पंखे से फंदा लगाकर लटकने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहने पर उसने सल्फोस की गोलियां खा लीं। बिगड़ती हालत में परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

पुराना वीडियो खोल सकता है राज

मौके से पुलिस को कोई सुसाइड नोट तो नहीं मिला है, लेकिन एक चौंकाने वाला सुराग हाथ लगा है। ग्रामीणों के अनुसार कुछ दिन पहले राधेश्याम ने गांव के एक सोशल मीडिया ग्रुप में एक वीडियो साझा किया था। इस वीडियो में उसने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए थे और पैसों के लेनदेन का जिक्र किया था। वीडियो में उसने बेटे सहित जीवन लीला समाप्त करने की चेतावनी भी दी थी।

पुलिस कार्रवाई और गृह क्लेश की आशंका

डिप्टी बाबूलाल बिश्नोई ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक गृह क्लेश और मानसिक तनाव का लग रहा है। भीलवाड़ा से पहुंची FSL टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब उस वायरल वीडियो की गहनता से जांच कर रही है, ताकि हत्या और आत्महत्या के पीछे के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके। फिलहाल, मेडिकल बोर्ड द्वारा दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।

Published on:
27 Feb 2026 11:49 am