भीलवाड़ा

Bhilwara news: तेरस पर बरसा धन, ज्वैलर्स व बर्तन लाए घर, दुकानों पर रही दिनभर भीड़

दीपोत्सव के महापर्व की शुरुआत

2 min read
Oct 30, 2024
Money rained on Teeras, jewelers and utensils were brought home

Bhilwara news : दीपोत्सव के महापर्व की मंगलवार को धनतेरस से शुरुआत हो गई। धनतेरस के अवसर पर बाजार में खूब धन बरसा। शहर समेत जिलेभर में करोड़ों का कारोबार हुआ। सर्राफा, प्रॉपर्टी, ऑटोमोबाइल्स और इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार जमकर चमका। पिछले साल के मुकाबले इस बार व्यापार ज्यादा रहा। व्यापारियों के मुताबिक सोना-चांदी व प्रोपर्टी के अलावा मिठाई, बर्तन, रेडिमेड गारमेंट्स, किराणा व फर्नीचर बाजार में भी ग्राहकों ने जमकर खरीदारी की। आजाद चौक, प्रताप टॉकिज, सर्राफा बाजार, महाराणा मार्केट, सुभाष मार्केट, गोल प्याऊ चौराहा, सूचना केंद्र व सदर बाजार में दिनभर खरीदारों की भीड़ रही। शहर के विभिन्न मॉल में भी लोगों ने जमकर खरीदारी की। बाजार में धनतेरस के मुहूर्त से खरीदारी प्रारंभ हो गई, जो दीपावली तक परवान पर रहेगी। शाम को घर आंगन दीपों से जगमगा उठे। ये शनिवार को भाईदूज तक जगमग करेंगे। महिलाएं मंगलवार अलसुबह पीली मिट्टी के रूप में ‘सोना’ घर लाई। खरीदारी देर रात तक चली। लोगों ने पहले से बुक वाहन घर ले गए। बुधवार सुबह भी धनतेरस की खरीदारी कर सकेंगे।

वाहन शो रूम पर भीड़

लोग एडवांस बुक किए वाहन धनतेरस पर घर ले गए। वाहन शोरूम में चहल-पहल रही। जिले में 500 दुपहिया वाहन बिकने का अनुमान है। सैकड़ों चौपहिया वाहन भी बिके। धनतेरस पर ट्रैक्टर भी खूब बिके। दो दिन में ऑनलाइन भी जमकर खरीदारी हुई। बुधवार को रूपचतुर्दशी एवं 31 अक्टूबर व 1 नवंबर को दीपावली मनाई जाएगी। धनतेरस पर बर्तन खरीदना शुभ माना जाता है। सुबह से शाम तक बर्तन की दुकानों पर भीड़ रही। जिलेभर में तीन करोड़ रुपए के बर्तन बिके।

खूब बिके टीवी व फ्रिज

एलईडी टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, एसी, माइक्रोवे की जमकर खरीदारी हुई। विक्रेता ने बताया कि धनतेरस पर वाशिंग मशीन, एलईडी, फ्रिज सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की बिक्री हुई।

सोना-चांदी की जमकर खरीद

लोगों ने सोने-चांदी के आभूषण खरीदे। विशेष तौर पर चांदी के पुराने सिक्के खरीदे। देर रात तक हुई खरीदारी से करीब 30 करोड़ का कारोबार हुआ है। दीपावली व शादी-विवाह के सीजन को देखते हुए लोगों ने सोने-चांदी के आभूषण खरीदे। महिलाएं किराणे की दुकानों पर नमक, साबुत धनिया तथा झाड़ू खरीदने में व्यस्त रही।

ऑफर का उठाया फायदा

इलेक्ट्रॉनिक आइटम, ज्वैलरी, रियल स्टेट, कार व बाइक की अधिक खरीदारी हुई। ऑफर व कैश बैक का भी फायदा उठाया। इलेक्ट्रॉनिक आइटम में स्मार्ट टीवी, डबलडोर फ्रिज, ऑटोमेटिक आटा चक्की की मांग रही। त्योहारों के साथ ही शादियों का सीजन भी शुरू होने से ज्वैलरी की शॉपिंग कर रहे हैं। रियल स्टेट में भी लोग इन्वेस्टमेंट कर रहे हैं।

Published on:
30 Oct 2024 11:46 am
Also Read
View All

अगली खबर