राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज की प्रिंसिपल शालू गोयल का सड़क हादसे में निधन हो गया। अनियंत्रित कार की टक्कर से पलटे ई-रिक्शा के नीचे दबने से गोयल की मृत्यु हुई।
भीलवाड़ा। राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज की प्रिंसिपल शालू गोयल का सड़क हादसे में निधन हो गया। अनियंत्रित कार की टक्कर से पलटे ई-रिक्शा के नीचे दबने से गोयल की मृत्यु हुई। इसी घटना में कॉलेज का एक अन्य कर्मी भी घायल हो गया।
भीमगंज थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि प्रिंसिपल शालू गोयल बुधवार सुबह दस बजे ई रिक्शा से तिलक नगर स्थित कॉलेज जा रही थी। इसी रिक्शे में स्टॉफकर्मी अशोक पालीवाल भी साथ थे। इसी दौरान सिद्धि विनायक हॉस्पिटल चौराहा पर एक अनियंत्रित कार ने टक्कर मार दी। घटना में ई-रिक्शा पलट गया।
प्रिंसिपल शालू उसके नीचे दब गई। उन्हें गंभीर चोंटे आई। पालीवाल भी चोटिल हो गए। दोनों को एमजी चिकित्सालय लाया गया। यहां चिकित्सकों ने शालू को मृत घोषित कर दिया। इस घटना की सूचना मिलते ही कॉलेज में शोक व्याप्त हो गया। एमजी चिकित्सालय की मोर्चरी के बाहर कॉलेज स्टॉफ व छात्रों की भीड़ एकत्रित हो गए। भीमगंज थाना प्रभारी गजेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। उन्होंने बताया कि शालू मूलत: अजमेर निवासी थी।
शालू गोयल की मृत्यु के उपरांत पति विशाल ने उनका नेत्रदान करवाया। वरिष्ठ नागरिक मंच संस्थान के सदस्य आर पी रूंगटा एवं अध्यक्ष मदन खटोड़ ने बताया कि पति विशाल गोयल, राम गोपाल गोयल, रवि गोयल ने नेत्रदान की सहमति दी। इसके बाद महात्मा गांधी चिकित्सालय मोर्चरी में नेत्र उत्सर्जन का कार्य किया गया ।