भीलवाड़ा

Bhilwara Road Accident: होटल से खाना खाकर लौट रहे 2 दोस्तों को ट्रक ने कुचला, सिर फटने से 1 की मौके पर मौत, दूसरा गंभीर

Bhilwara Road Accident: भीलवाड़ा के मांडल में अजमेर-चित्तौड़ हाइवे पर धूलखेड़ा चौराहे के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो दोस्तों को टक्कर मार दी। हादसे में अर्पित बिड़ला (32) की सिर में गंभीर चोट लगने से मौत हो गई, जबकि गिरीश गर्ग गंभीर घायल है।
2 min read
Jul 07, 2026
Bhilwara Road Accident
मृतक अर्पित बिड़ला (पत्रिका फोटो)

Bhilwara Road Accident News: मांडल (भीलवाड़ा): अजमेर-चित्तौड़गढ़ (जयपुर-उदयपुर) राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। मांडल कस्बे के निकट नेशनल हाइवे पर स्थित एक होटल से खाना खाकर लौट रहे बाइक सवार दो दोस्तों को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक असंतुलित होकर सीधे राजमार्ग के डिवाइडर से जा टकराई। इस हादसे में एक युवक का सिर फटने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।

कैसे हुआ हादसा?

मांडल थानाप्रभारी रोहिताश्व यादव के अनुसार, भीलवाड़ा की आरसी व्यास कॉलोनी निवासी अर्पित (32) पुत्र श्याम सुंदर बिड़ला और उसका साथी अंसल कॉलोनी निवासी गिरीश गर्ग पुत्र गोपाल गर्ग बाइक से राजमार्ग पर स्थित आशीर्वाद होटल में खाना खाने गए थे। दोपहर करीब 3 बजे जब दोनों खाना खाकर वापस लौट रहे थे, तभी होटल से महज 100 मीटर की दूरी पर बदालीखेड़ा (धूलखेड़ा) चौराहे के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

ट्रक की टक्कर लगते ही बाइक चला रहे अर्पित ने अपना वाहन से नियंत्रण खो दिया और बाइक सीधे डिवाइडर से जा भिड़ी। हादसे में अर्पित के सिर पर गंभीर चोट आई और अत्यधिक खून बहने की वजह से उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, उसका साथी गिरीश गर्ग गंभीर रूप से घायल हो गया।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत पुलिस और 108 एंबुलेंस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची मांडल थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद अर्पित बिड़ला को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल गिरीश का प्राथमिक उपचार कर इलाज शुरू किया गया।

जवान बेटे की अचानक मौत की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।

प्राइवेट नौकरी करता था अर्पित

थानाधिकारी ने बताया कि मृतक अर्पित बिड़ला एक प्राइवेट नौकरी करता था। उसके पिता एक रिटायर्ड शिक्षक हैं और मां गृहिणी हैं। घर में उसका एक बड़ा भाई भी है, जो शादीशुदा है। सड़क हादसे में घायल साथी गिरीश गर्ग की रिपोर्ट पर पुलिस ने फरार ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल, पुलिस आरोपी ट्रक चालक और वाहन की तलाश में जुटी है।

Updated on:
07 Jul 2026 08:07 pm
Published on:
07 Jul 2026 08:07 pm
Also Read
View All
20 मिनट तक अस्पताल की दहलीज पर तड़पता रहा घायल, सायरन बजता रहा, कर्मचारी सोते रहे; भीलवाड़ा MG Hospital में बड़ी लापरवाही

भीलवाड़ा सड़क हादसा: रोडवेज बस ने ट्रक को ओवरटेक करते हुए बाइक को मारी टक्कर, रिटायर्ड शिक्षक की मौके पर मौत

फर्जी पासपोर्ट से दुबई भागा मोस्ट वांटेड इमरान, लुत्फी की पत्नी भी भारत से फरार; भीलवाड़ा पुलिस की जांच में हुआ खुलासा

राजस्थान के खनन पट्टाधारकों के लिए राहत की खबर, भजनलाल सरकार ने नियमों में किया बड़ा बदलाव

Bhilwara: ‘5 लाख रुपए के विवाद में कर दी मां की हत्या’, महिला की मौत के बाद थाने पहुंचकर बेटे ने दर्ज कराई रिपोर्ट