
भीलवाड़ा। जिले में पंचायती राज चुनाव के पहले चरण में गुरुवार को जिला परिषद और 9 पंचायत समितियों के सदस्यों के लिए मतदान होगा। जिला परिषद के 28 वार्ड और पंचायत समिति सदस्यों के 177 पदों पर प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला मतदाता करेंगे। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। इसके लिए जिले में 1,110 मतदान बूथ बनाए गए हैं, जहां 8,91,353 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
जिला परिषद की 28 सीटों पर 72 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं, 9 पंचायत समितियों के 177 वार्डों में 466 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इस तरह पहले चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के कुल 538 प्रत्याशियों की किस्मत मतदान के बाद तय होगी। चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर के साथ राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा), बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है।
जिला परिषद चुनाव में राजनीतिक दलों की प्रतिष्ठा दांव पर है। उपलब्ध चुनावी विवरण के अनुसार, 13 वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है। इनमें वार्ड 2, 3, 24, 29, 32, 34, 35, 36, 37, 39, 40, 43 और 45 शामिल हैं।
वहीं, 14 वार्डों में निर्दलीय, बसपा और रालोपा के प्रत्याशियों की मौजूदगी से त्रिकोणीय मुकाबले की स्थिति बनी है। इन वार्डों में 1, 10, 11, 25, 26, 27, 28, 30, 31, 33, 38, 41, 42 और 44 शामिल हैं। वार्ड 12 में भाजपा, कांग्रेस, रालोपा और निर्दलीय प्रत्याशी के मैदान में होने से चतुष्कोणीय मुकाबला है। इन सीटों पर विभिन्न दलों और प्रत्याशियों के बीच वोटों का बंटवारा चुनावी नतीजों को प्रभावित कर सकता है।
भीलवाड़ा जिला परिषद चुनाव में महिला प्रत्याशियों की भागीदारी भी खास है। कुल 72 उम्मीदवारों में 31 महिलाएं अपनी किस्मत आजमा रही हैं। चुनावी विवरण के अनुसार, 12 वार्डों में केवल महिला प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है। इनमें वार्ड 1, 2, 3, 11, 24, 27, 29, 31, 32, 36, 39 और 43 शामिल हैं। इसके अलावा वार्ड 33, 35 और 40 में भी महिला उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।
चुनाव संपन्न कराने के लिए बुधवार को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में मतदान कार्मिकों को अंतिम प्रशिक्षण दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी जसमीत सिंह संधू ने मतदान दलों को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से मतदान कराने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण के बाद मतदान सामग्री और सुरक्षा व्यवस्था के साथ दल अपने निर्धारित केंद्रों के लिए रवाना हुए। शाम तक मतदान दलों ने बूथों पर पहुंचकर व्यवस्थाएं संभाल लीं।
भीलवाड़ा जिले में पहले चरण के तहत 9 पंचायत समितियों में पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे। इन पंचायत समितियों में 177 पदों के लिए 466 प्रत्याशी मैदान में हैं। पहले चरण के तहत जिले की बिजौलियां, जहाजपुर, खजूरी, कोटड़ी, मांडलगढ़, बनेड़ा, करेड़ा, मांडल तथा सुवाणा पंचायत समिति में मतदान होगा।