
Dungarpur Panchayat Election 2026: मतदान केंद्रों के लिए रवाना होते कर्मी (फोटो-पत्रिका)
डूंगरपुर। राजस्थान में पंचायती राज चुनाव के पहले चरण में डूंगरपुर जिले के मतदाता गुरुवार को जिला परिषद और सात पंचायत समितियों के सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान करेंगे। जिला परिषद के 20 वार्ड और पंचायत समिति सदस्यों के 119 वार्ड में वोट डाले जाएंगे। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। चुनाव के लिए जिले में 596 मतदान बूथ बनाए गए हैं। प्रत्येक बूथ पर दो ईवीएम के जरिए मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
पहले चरण में कुल 5,21,601 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 2,66,610 पुरुष, 2,54,985 महिला और छह ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। मतदान को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन के अनुसार, पहले चरण में 16 मतदान केंद्र संवेदनशील और 104 केंद्र अतिसंवेदनशील श्रेणी में रखे गए हैं। इन केंद्रों पर सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं, ताकि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
जिले की सात पंचायत समितियों में मतदान को लेकर चुनावी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सागवाड़ा पंचायत समिति में सबसे अधिक 1,43,408 मतदाता हैं, जबकि पाडवा में सबसे कम 39,650 मतदाता पंजीकृत हैं। पंचायत समिति के अनुसार मतदाताओं का विवरण इस प्रकार है।
बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित एसबीपी कॉलेज में प्रशिक्षण के बाद मतदान कार्मिकों को चुनाव सामग्री देकर उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। कार्मिकों को ईवीएम, बैलेट पेपर, मतदान से जुड़ी अन्य सामग्री और मतदाता सूची उपलब्ध कराई गई। पहली बार चुनाव ड्यूटी में लगाए गए कार्मिकों को पांच दिन तक मतदान केंद्रों पर ठहरना होगा। इसके लिए कई कार्मिक अपने साथ कपड़े और जरूरी सामान लेकर पहुंचे। मतदान दलों के साथ पुलिस जवानों और विभिन्न विभागों के कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है।
पंचायती राज चुनाव कार्यक्रम के अनुसार पहले चरण में 23 अक्टूबर को सरपंच पद के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के तहत सुबह 8 से 11 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। इसके बाद सुबह 11.30 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी। दोपहर 2 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की सूची जारी कर चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। सरपंच और पंच पदों के लिए पहले चरण का मतदान 24 अक्टूबर को होगा। इन चुनावों को लेकर गांवों में भी राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।
सरपंच पद के चुनाव में मतदान के बाद मतदाताओं को परिणाम के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मतदान वाले दिन देर रात तक सरपंच पद के नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। वहीं, जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव परिणाम बाद में घोषित होंगे।
Updated on:
21 Oct 2026 07:40 pm
Published on:
21 Oct 2026 07:40 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
