पहली बार 12वीं से पहले आया 10वीं का परिणाम, प्रदेश में भीलवाड़ा 16वें स्थान पर
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने एक नई परिपाटी शुरू करते हुए मार्च में ही 10वीं कक्षा का परिणाम जारी कर दिया। यह पहला मौका है जब बोर्ड ने 12वीं कक्षा से पहले 10वीं के नतीजे घोषित किए। परिणाम में भीलवाड़ा ने 94.59 प्रतिशत का आंकड़ा छुआ। बेटियों ने लगातार 9वें साल अपना वर्चस्व कायम रखते हुए लड़कों को पीछे छोड़ा। जिले में कुल 28 हजार 78 विद्यार्थियों ने 10वीं की परीक्षा दी। इसमें से 26 हजार 558 विद्यार्थी सफल हुए। छात्राओं का पास प्रतिशत 95.31 रहा, जो जिले के कुल औसत 94.59 प्रतिशत से 0.72 प्रतिशत अधिक है। छात्रों का परिणाम 93.80 प्रतिशत रहा। प्रदेश में भीलवाड़ा 16वें स्थान पर रहा।
प्रवेशिका परीक्षा में भी जिले ने 17वां स्थान प्राप्त किया। जिले से 307 छात्रों ने परीक्षा दी थी, जिसमें से 280 उत्तीर्ण हुए। प्रवेशिका का कुल परिणाम 91.21 प्रतिशत रहा। छात्राओं ने 94.24 व छात्रों ने 88.69 प्रतिशत श्रेष्ठता साबित की है।
बनका खेड़ा निवासी शिवराज आचार्य ने 98.33 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया। आदर्श विद्या मंदिर कोटड़ी के छात्र शिवराज की सफलता में उनकी कड़ी मेहनत के साथ मां का समर्पण रहा। शिवराज के पिता गणेशलाल आचार्य सवाईपुर में डिस्कॉम में कार्यरत हैं, जबकि माता महावीरी देवी गृहणी हैं। शिवराज ने बताया कि उन्होंने पिछले एक साल से मोबाइल फोन से दूरी बनाएं रखी थी।
सहाड़ा क्षेत्र के नया खेड़ा निवासी व पोटला स्थित टैगोर विद्यालय के छात्र ईश्वर जाट ने 10वीं में 98 प्रतिशत अंक हासिल किया। दो साल पहले हार्ट अटैक से उनके पिता नारूलाल का निधन हो गया था और मां प्रेमदेवी जाट गृहणी हैं। ईश्वर आठ भाई-बहनों में सबसे छोटा और इकलौता भाई है। वह प्रतिदिन नौ घंटे पढ़ाई करता था। ईश्वर की सफलता का राज भी मोबाइल से दूरी रही।
भीलवाड़ा. राजस्थान 5वीं बोर्ड प्राथमिक शिक्षा अधिगम स्तर मूल्यांकन एवं 8वीं बोर्ड प्रारंभिक शिक्षा पूर्णता प्रमाण-पत्र परीक्षा-2026 के लिए ग्रेडिंग स्केल एवं परीक्षा परिणाम के डेटा घोषित कर दिए हैं।