
बरूंदनी। कस्बे से तीन किलोमीटर दूर स्थित देवलिया गांव में माताजी के पुजारी (भोपा) के घर में सोमवार रात समाजकंटकों ने आग लगा दी। इससे केलूपोश मकान जल गया। लपटें देखकर परिवार और आसपास से लोग दौड़े और आग पर काबू पाया। इस सम्बंध में आगजनी की रिपोर्ट बरूंदनी चौकी पर दी गई।
जानकारी के अनुसार भोपे भैरूलाल के केलूपोश मकान में देर रात आग लग गई। घटना के समय भोपा और उसकी पत्नी माताजी के मंदिर तथा पुत्री व दामाद खुले में सो रहे थे। इससे जनहानि होने से बच गई। भोपे का कहना है कि अपराध की नीयत से आग लगाई। पता चलने पर मंगलवार को माण्डलगढ़ प्रधान घनश्याम कंवर, सिंगोली सरपंच विमला देवी पाराशर व शंकरसिंह पुरावत पहुंचे। माण्डलगढ़ तहसीलदार के निर्देश पर भू-अभिलेख निरीक्षक राजेश टेलर व बरूंदनी चौकी प्रभारी नरेश कुमार सुखवाल पहुंचे। जनप्रतिनिधियों ने आंकलन करवा कर नियमानुसार सहायता राशि दिलाने का आश्वासन दिया। उधर, भोपा भैरूलाल का कहना है कि भैरूलाल भील और उसके साथी आए दिन शराब पीकर मंदिर पर आकर अभद्रता करते है। जान से मारने की धमकी भी देते है।