Biparjoy Rajasthan Update: चक्रवात बिपरजॉय की राजस्थान में दस्तक का असर टेक्सटाइल सिटी भीलवाड़ा में शुक्रवार को नजर आया।
भीलवाड़ा। Biparjoy Rajasthan Update: चक्रवात बिपरजॉय की राजस्थान में दस्तक का असर टेक्सटाइल सिटी भीलवाड़ा में शुक्रवार को नजर आया। भीलवाड़ा शहर में दिनभर सूरज और बादलों के बीच लुकाछिपी चली। शाम चार बजे आसमान में घटाएं छा गई और उसके बाद अंधड़ चलने से कई जगह पेड़ टूट गए। बारिश हुई। भीलवाड़ा शहर में रात में भी विभिन्न इलाकों में रिमझिम बरसात हुई। प्रचंड गर्मी झेल रहे लोगों को राहत मिली।
शहर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री तथा न्यूनतम 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन में आधा डिग्री पारा गिरा। सुबह लोग उठे तो मौसम सुहाना था। उसके बाद सूर्यदेव ने दर्शन दिए। हालांकि एक बजे तक असर नहीं दिखा सकें। लेकिन कुछ देर तेज धूप और उमस से लोग बेहाल हो गए। उसके बाद शाम को फिर से मौसम ने पलटा खाया। बारिश और अंधड ने गर्मी से राहत दी। शहर के भीमगंज थाने के निकट आयुर्वेद औषधालय में तेज हवा के कारण पेड़ की टहनी गिरकर सड़क पर आ गई। इससे आवागमन बाधित हुआ। टहनी एक युवक पर गिरी। इससे वह घायल हो गया। उसे महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया। तूफान को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर रहा। लोगों को दो दिन सावधानी बरतने की सलाह दी गई।
स्टेट ओपन परीक्षा की तारीख बदली
बिपरजॉय तूफान के राजस्थान में असर देखते हुए स्टेट ओपन स्कूल की परीक्षा तिथि में बदलाव किया गया है। ओपन स्कूल निदेशक के अनुसार,अब 17 जून को होने वाली राजनीति विज्ञान व संस्कृत की परीक्षा 26 जून को होगी। 19 जून की मनोविज्ञान व पंजाबी भाषा की परीक्षा 27 जून को होगी।
नगर परिषद में बनाया बाढ़ नियंत्रण कक्ष
मानसून काल में अतिवृष्टि एवं बाढ़ की स्थिति के अतिरिक्त आपदा प्रबंधन एवं मानसून की संभावना को देखते नगर परिषद के फायर स्टेशन में बाढ़ नियंत्रण कक्ष बनाया गया। कक्ष के फोन नम्बर 01482-232660 एवं 101 है। नगर परिषद आयुक्त हेमाराम ने बताया कि बाढ़ नियंत्रण कक्ष के प्रभारी सहायक अभियंता मुकेश शर्मा होंगे, जिनके मोबाइल नम्बर 75977-23328 हैं।