सहाड़ा उपचुनाव में भाजपा ने दो बार विधायक रहे पार्टी के वरिष्ठ नेता डा.रतनलाल जाट पर भरोसा जताते हुए मैदान में उतारा है। टिकट मिलते ही डॉ.जाट समर्थकों के साथ चुनाव मैदान में उतर गए है। शनिवार को होली के बहाने उन्होंने क्षेत्र के लोगों से राम राम की।
भीलवाड़ा. सहाड़ा उपचुनाव में भाजपा ने दो बार विधायक रहे पार्टी के वरिष्ठ नेता डा.रतनलाल जाट पर भरोसा जताते हुए मैदान में उतारा है। टिकट मिलते ही डॉ.जाट समर्थकों के साथ चुनाव मैदान में उतर गए है। शनिवार को होली के बहाने उन्होंने क्षेत्र के लोगों से राम राम की। भाजपा ने उन्हें तीसरी बार सहाड़ा से चुनाव मैदान में उतारा है। वह पूर्व में दो बार विधायक चुने गए। एक कार्यकाल में वे उच्च शिक्षा मंत्री भी रहे चुके है।
73 वर्षीय डॉ.जाट के नाम की घोषणा के साथ ही सहाड़ा भाजपा प्रत्याशी को लेकर कयासों का पटाक्षेप हो गया। उनके नाम की घोषणा से उनके समर्थकों व कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर व्याप्त हो गई।
पहला चुनाव जनता दल से, दूसरा भाजपा के टिकट पर जीता
डॉ.जाट वर्ष 1989 में पहली जनता दल से विधायक चुने गए। वर्ष 1993 तक के कार्यकाल में वह दो साल उच्च शिक्षा मंत्री रहे। 1993 में वे चुनाव हार गए। फिर 1998 तक जिला प्रमुख रहे। 1998 में उन्हें भाजपा ने चुनाव मैदान में उतारा और विजयी रहे। वर्ष 2003 में वे कैलाश त्रिवेदी से चुनाव हार गए। वे 2006 से 2008 तक राजस्थान राज्य बीज निगम के अध्यक्ष भी रहे।
भाजपा कार्य समिति में दायित्त्व
जाट भाजपा में प्रदेश उपाध्यक्ष भी रहे। वर्तमान में वे राष्ट्रीय कार्यक्रम एवं बैठक विभाग के प्रदेश संयोजक और संगठन में प्रदेश कार्य समिति सदस्य भी है। वे अखिल मेवाड़ जाट महासभा अध्यक्ष भी है।
छोटे भाई ने भी जीता चुनाव
जाट के ही छोटे भाई डॉ.बीआर चौधरी को भाजपा ने वर्ष २०१३ में सहाड़ा विधानसभा चुनाव में उतारा और वे विजयी रहे। जाट के पुत्र कमलेश चौधरी भी दो बार गंगापुर प्रधान रहे चुके है।
जनता का समर्थन मिलेगा
प्रत्याशी की घोषणा के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष लादूलाल तेली ने कहा कि संगठन ने वरिष्ठता एवं अनुभव को प्राथमिकता दी है। हम सब मिल कर टीम वर्क के साथ चुनाव लडेंग़े। प्रदेश में कांग्रेस सरकार के खिलाफ माहौल बना हुआ है, ऐेसे में क्षेत्र की जनता भाजपा के पक्ष में है।
विश्वास पर खरा उतरूंगा
केन्द्र व प्रदेश नेतृत्व ने जो विश्वास जताया, उस पर खरा उतरूंगा, कार्यकर्ताओं में पूर्ण जोश है। वरिष्ठ साथियों के अनुभव का लाभ चुनाव में मिलेगा। केन्द्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से क्षेत्र की जनता खुश है।
डॉ. रतनलाल जाट, भाजपा प्रत्याशी