
BJP Bhilwara भीलवाड़ा नगर परिषद के वार्ड संख्या 42 के उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रोमा लखवानी सोमवार को निर्वाचित घोषित हुई। उन्होंने करीबी मुकाबले में कांग्रेस प्रत्याशी मीना जैन पर 235 मतों से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही भाजपा ने कांग्रेस से यह सीट छीनते हुए भाजपा शासित बोर्ड मेंं संख्या बढ़ा कर 32 कर ली है।
शहर में शास्त्रीनगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 42 के उप चुनाव को लेकर रविवार को मतदान हुआ था। इस दौरान 48.56 फीसदी वोट गिरे थे। यहां राजकीय सीनियर सैंकण्डरी विद्यालय प्रतापनगर में सोमवार सुबह मतगणना हुई। यहां तीन ईवीएम की गणना में सिर्फ बीस मिनट लगे। तीनों राउण्ड में भाजपा प्रत्याशी रोमा आगे रही।
रोमा को 924 व मीना को 689 मत
रिटर्निग अधिकारी उत्तम सिंह शेखावत ने तीन राउण्ड की समाप्ति के बाद रोमा लखवानी को को 235 मतों से निर्वाचित घोषित किया। रोमा को कुल 924 व मीना को 689 मत मिले। जबकि बीस मत नोटा के खाते में गए। मतगणना के दौरान सहायक उपखंड अधिकारी ओमप्रभा भी मौजूद थी। रोमा की जीत की घोषणा के साथ ही उनके समर्थकों व भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर छा गई। वार्ड में समर्थकों ने मिठाई बांटते हुए आतिशबाजी की और विजयी जुलूस निकाला।
बोर्ड में एक और सदस्य बढ़ा
नगर परिषद में सभापति राकेश पाठक की अगुवाई में भाजपा शासित बोर्ड में अब भाजपा पार्षदों की संख्या 31 से बढ़ कर 32 हो गई। जबकि कांग्रेस के पार्षदों की संख्या अब 21 रह गई। वह निर्दलीय पार्षदों की संख्या 17 है।
कांग्रेस का ही रहा दबदबा
पूर्व वार्ड की सीट कांग्रेस के कब्जे में थी। कांग्रेस पार्षद दरियानी के गत चार जनवरी को असामयिक निधन से यह रिक्त था। सीमांकन से पहले वार्ड 42, वार्ड 17 में आता था। इस वार्ड में गत पांच चुनाव में एक बार ही भाजपा जीत सकी थी।
जनता का बोर्ड में विश्वास
सभापति राकेश पाठक ने कहाकि उपचुनाव में भाजपा की बड़ी जीत है, इस जीत से यह साबित हुआ है कि जनता का भाजपा शासित बोर्ड में विश्वास है। उन्होंने कहाकि बोर्ड पहले से मजबूत होगा। राजनीति से परे उठते हुए शहर के विकास के लिए टीम वर्क के काम होगा।
रोमा का वादा, करेंगे वार्ड का विकास
रोमा लखवानी समाचार पत्र वितरक संघ के वरिष्ठ सदस्य एवं गो रक्षक किशोर लखवानी की धर्म पत्नी है। जीत पर रोमा ने कहा कि शास्त्रीनगर क्षेत्र में िस्थत वार्ड के सर्वांगीण विकास की प्राथमिकता रहेगी। वार्ड में सामुदायिक भवन व नालियों की मरम्मत, पार्कों का सौंदर्यीकरण, सफाई व्यवस्था का कार्य और प्रभावी होगा। गो संरक्षण व पशु पक्षियों के संरक्षण के लिए भी संगठनों की मदद ली जाएगी।