भीलवाड़ा

ज्वैलर से भरा बैग लूटा, कट्टे से फायर में दो भाई घायल

बाइक पर आए थे चार लुटेरे, बैग में था 300 ग्राम सोना व 2 किलो चांदी

less than 1 minute read
Jan 01, 2024
ज्वैलर से भरा बैग लूटा, कट्टे से फायर में दो भाई घायल

भीलवाड़ा जिले के गुलाबपुरा थाना क्षेत्र के रुपाहेली भट्टा चौराहे पर रविवार को दो बाइक पर आए चार लुटेरों ने सोने-चांदी से भरा बैग लूट लिया। हाथापाई के दौरान लुटेरों ने देशी कट्टे से फायर कर दिया। इससे दो भाइयों को छर्रे लगे हैं। पुलिस को शक है कि वारदात में परिचित का हाथ हो सकता है। पुलिस सीसी फुटेज खंगाल रही है।

पुलिस ने बताया कि ज्वैलरी व्यवसायी विनोद कुमार सोनी कारीगर महेंद्र राजेश्वर वैष्णव के साथ बाइक से रुपाहेली भट्टा से टोकरवाड अपने गांव जा रहा था। इस बीच भड़ाना का खेड़ा के पास दो बाइक पर चार लुटेरे आए। लात मारकर विनोद की बाइक गिरा दी और सोने-चांदी का बैग लूट लिया। तभी पीछे से विनोद का बड़ा भाई रविचरण प्रकाश सोनी बाइक से आ गया। उसने विनोद से लूटपाट करते बदमाश देखे तो उनसे भिड़ गया। रविचरण पर लुटेरों ने देशी कट्टे से फायर कर दिया। रविचरण घायल हो गया व विनोद के कंधे में छर्रे लगे। लुटेरे बैग लूटकर भाग गए।

बाइक से गिरने से महेंद्र के भी चोटें आई। ग्रामीणों ने घायलों को गुलाबपुरा चिकित्सालय पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद रवि को भीलवाड़ा रैफर कर दिया। उसके शरीर से गोली निकाल ली। पुलिस ने अस्पताल पहुंच घटना की जानकारी ली लेकिन गोली चलने की पुष्टि नहीं की। ग्रामीणों ने बताया कि हमलावर रेकी कर उनके पीछे लगे थे। लूटे बैग में 300 ग्राम सोना व 2 किलो चांदी थी।

Published on:
01 Jan 2024 10:36 am
Also Read
View All