मोदी के नाम की पिचकारी की धूम
भीलवाड़ा।
होली के त्योहार को लेकर बाजार सजने लगे हैं। बाजारों में रंग बिरंगी पिचकारी व रंग गुलाल की बिक्री शुरू हो गई है। इस होली पर खास बात ये है कि बाजारों में चाइनीज पिचकारी व रंग गायब है। दुकानदारों ने मांग नहीं होने पर चाइनीज पिचकारी, रंग व अन्य वस्तु नहीं मंगवाई है। इस बार हर्बल गुलाल की बाजार में जबदस्त मांग है। होली पर मोदी व राफेल पिचकारी धूम मचा रही है। इसी के साथ स्पाइडर मैन व छोटा भीम वाली पिचकारियां ज्यादा बिक रही है।
बाजारों में होली पर तरह-तरह की पिचकारियां बिक रही हैं। बाजार में दस रुपए से लेकर 600 रुपए तक की पिचकारी बेची जा रही है। बाजारों में पहली बार आई चश्मा पिचकारी खूब पसंद की जा रही है। इसी के साथ राफेल पिचकारी, एके.47, टैंक, प्रेशर पिचकारियां, टैंक बम व कलर बैलून भी बाजार में बिक रहे हैं। वहीं बालों वाली विग व रंगीन चश्मों का अलग ही क्रेज है। दुकानदार ने बताया कि पिचकारी की कीमतों में इस बार दस फीसदी तक की बढ़ोतरी हुई है। प्लास्टिक दाने की कीमतें बढऩे से पिचकारी की कीमतों में उछाल आया है। 70 रुपए प्रति किलो वाला प्लास्टिक दाना 180 रुपए तक पहुंच गया है।
हर्बल रंगों की गिफ्ट पैकिंग
इस बार बाजार में होली पर हर्बल रंगों की मांग काफी बढ़ी है। व्यापारियों के अनुसार हर्बल, आर्गेनिक, फ्रूट व ठंडे गुलाल को लोग ज्यादा पसंद कर रहे हैं। इस के साथ पहली बार हर्बल रंगों की गिफ्ट बिक रही है। यह 300 से 500 रुपए में है। जिसमें सूखे फूलों को भी रंगों में डाला हुआ है।
गुलाल के अलग अलग रंग
बाजार में गुलाल भी अलग-अलग आकर्षक पेकिंग में बिक रहा है। गुलाल की पेकिंग दस रुपए से 100 रुपए में बिक रही है। शारीरिक दूरी बनाए रखने के लिए बाजार में कई पैकिंग गुलाल भी आकर्षक है। इस गुलाल की खास बात है कि इसको खोलते ही चार रंगों के गुलाल हर दिशाओं में एक साथ उड़ेंगे। इससे घर आए मेहमानों से शारीरिक दूरी बनाते हुए होली मिलन संभव हो सकेगा।