भीलवाड़ा

भूणास में सहकार सदस्यता अभियान की शुरुआत

सहाड़ा विधायक पितलिया रहे अतिथि, जिले की 378 समितियों में चलेंगे कैम्प

less than 1 minute read
Oct 03, 2025
Co-operative membership campaign started in Bhunas

सहकारिता विभाग के तत्वावधान में गुरुवार को सहकार सदस्यता अभियान का शुभारंभ सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र की भूणास ग्राम सेवा सहकारी समिति से हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सहाड़ा विधायक लादूलाल पितलिया मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राईसेम जयपुर के अतिरिक्त निदेशक एवं प्रभारी अधिकारी रणजीतसिंह चूण्डावत ने की।

2 से 15 अक्टूबर तक अभियान

केंद्रीय सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक आलोक चौधरी ने बताया कि 2 से 15 अक्टूबर तक जिले की 378 ग्राम सेवा सहकारी समितियों में सदस्यता अभियान के कैम्प आयोजित किए जाएंगे।

महिलाओं व युवाओं पर विशेष फोकस

कार्यक्रम में संबोधित करते हुए अतिरिक्त निदेशक रणजीतसिंह चूण्डावत ने सहकारिता कानून के प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत विशेष रूप से महिलाओं और युवाओं को सहकारी आंदोलन से जोड़ना है ताकि अधिकतम लोगों को सहकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।

विधायक पितलिया का आह्वान

विधायक लादूलाल पितलिया ने लोगों से सहकारिता आंदोलन से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की ओर से सहकारिता के उद्देश्यों को पूर्ण करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं और इस अभियान की इसमें महत्ती भूमिका है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से आग्रह किया कि सहकारी समितियों से जुड़कर आंदोलन को मजबूती प्रदान करें। अभियान के तहत गुरुवार को जिले की 22 ग्राम सेवा सहकारी समितियों में कैम्प आयोजित किए गए। शुक्रवार को 35 समितियों में सदस्यता कैम्प होंगे। इस मौके पर भूणास ग्राम सेवा सहकारी समिति अध्यक्ष योगेन्द्रसिंह चौहान, सहकारी समितियों के उप रजिस्ट्रार अरविन्द ओझा, केंद्रीय सहकारी बैंक के अधिशाषी अधिकारी श्रवणलाल कुमावत, अतिरिक्त अधिशाषी अधिकारी आशुतोष मेहता एवं बैंक के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Published on:
03 Oct 2025 08:51 am
Also Read
View All

अगली खबर