भीलवाड़ा

वेतन नहीं मिला तो डॉक्टर कर डाली कर्मचारी की पिटाई,… अब कमेटी करेगी जांच

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
doctor beats employee in bhilwara
doctor beats employee in bhilwara

भीलवाड़ा।

महात्मा गांधी राजकीय चिकित्सालय में तीन माह से अटके वेतन बिल को लेकर एक डॉक्टर ने शुक्रवार दोपहर सहायक कर्मचारी से मारपीट कर दी। मामले की भीमगंज थाने में रिपोर्ट भी दी गई। मौके पर मौजूद प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसपी आगीवाल ने घटना की जांच के लिए कमेटी गठित की है।

जानकारी के अनुसार प्रमुख चिकित्सा अधिकारी कार्यालय (पीएमओ) में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी राजेश कसारा ने शुक्रवार को पीएमओ को लिखित में शिकायत दर्ज कराई। इसमें बताया कि वह निर्देशानुसार लेखा शाखा में काम कर रहा था। डॉ. विजयपाल वर्मा ने अभद्रता करते हुए मारपीट की। पीएमओ सहित अन्य चिकित्सक वहां मौजूद थे। पीएमओ की रिपोर्ट पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी । उधर, कसारा से मारपीट को लेकर राजस्थान सहायक कर्मचारी चिकित्सा संघ व नर्सिंग स्टाफ में रोष है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर डॉक्टर की गिरफ्तारी नहीं हुई तो कार्य बहिष्कार करेंगे। इस संबंध में जिला कलक्टर व पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन भी दिया गया। ज्ञापन देने वालों में लादूलाल जसावत, महेंद्रसिंह राठौड़, फरीद मोहम्मद, अनुश्री बाकलीवाल, मंगेश पोरवाल आदि शामिल थे।

कमेटी करेगी जांच

घटना की जानकारी मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. राजन नंदा ने भी ली। उनके निर्देश पर पीएमओ डॉ. आगीवाल ने कमेटी गठित की। इसमें डॉ. एससी माथुर, डॉ. जीवी दिवाकर, नर्सिंग अधीक्षक हरिशंकर व जगदीशचंद्र गुजराती को शामिल किया गया। कमेटी सात दिन में जांच कर रिपोर्ट सौंपेगी।

डॉक्टर वर्मा की एलपीसी नहीं आई है। उनसे कहा कि जब तक एलपीसी नहीं आती, तनख्वाह नहीं बना सकते। इसे लेकर डॉक्टर ने आपा खो दिया और मारपीट शुरू कर दी।
राजेश कसारा, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी

-------------
तीन माह से परेशान हूं। वेतन नहीं मिल रहा है। कई बार गुहार लगाई, लेकिन सुनवाई नहीं की। दफ्तर में राजेश कसारा से कहा तो उन्होंने ढंग से जवाब भी नहीं दिया। उन्होंने धक्का दिया, तो मैंने भी बीच-बचाव किया।

डॉ. विजयपाल वर्मा, पैथोलॉजी विभाग

Published on:
03 Nov 2018 02:44 am