
भीलवाड़ा।
आयकर विभाग अजमेर की टीम ने बुधवार को काशीपुरी रोड स्थित सौ फीड रोड पर स्टील व्यापारी के यहां जांच शुरू की है। यह कार्रवाई निम्बाहेड़ा में २२ लाख रुपए की नकदी जब्त करने को लेकर की गई है।
अजमेर आयकर विभाग के उपनिदेशक अन्वेषण अम्बालाल नायक के नेतृत्व में बुधवार शाम चार बजे सात अधिकारियों की टीम पहुंची। टीम ने व्यापारी के दस्तावेज व फोन कब्जे में ले लिए। इन दस्तावेजों के आधार पर देर रात तक जांच जारी रही।
नाकाबन्दी के दौरान पकड़े थे 22.50 लाख
चित्तौडग़ड़ के शंभूपुरा थाना पुलिस ने सोमवार शाम कार की तलाशी में साढ़े बाईस लाख रुपए की नकदी जब्त की थी। यह राशि निम्बाहेड़ा से भीलवाड़ा लाई जा रही थी। कार चालक गुलमंडी निवासी साहिल पुत्र मोहम्मद असलम व कार में सवार प्रतापगढ़ निवासी और हाल शिवाजी नगर में रह रहे श्याम सिंह पुत्र गोवर्धन सिंह से पूछताछ की गई। पूछताछ में सामने आया कि यह राशि भीलवाड़ा के लोहा व्यापारी शब्बीर हुसैन बोहरा के यहां ले जाई जा रही थी। श्याम सिंह लोहा व्यापारी के यहां मुनीम है। इसी कड़ी में अजमेर आयकर विभाग की टीम ने कार्रवाई की है।