भीलवाड़ा

सड़क पर यमदूत बनी बस से कुचले युवक ने जयपुर में तोड़ा दम, चालक के खिलाफ कार्रवाई को लेकर कोतवाली के बाहर प्रदर्शन

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
drunken driver ran bus in bhilwara
drunken driver ran bus in bhilwara

भीलवाड़ा।

नशे में धुत होकर फैक्ट्री की बस को सड़क पर बेतरतीब दौडऩे से चपेट में आए बाइक सवार युवक ने सोमवार तड़के जयपुर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल पांच जनों का उपचार चल रहा है। इस बीच युवक की मौत से गुस्साए सिंधी समाज ने सोमवार दोपहर कोतवाली के बाहर प्रदर्शन किया व चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस के अनुसार फैक्ट्री की बस रविवार शाम को गंगापुर तिराहे की ओर से माण्डल जा रही थी। अजमेर ओवरब्रिज पर जीजा के साथ बाइक पर जा रहे आरके कॉलोनी के निर्मल खत्री (28) को बस ने टक्कर मारी। इससे निर्मल का पैर बस टायर के नीचे आ गया जबकि जीजा उछल कर दूर गिरा। इसके बाद अजमेर तिराहे से सुखाडि़या सर्किल तक बस ने छह जनों को चपेट में ले लिया। आधा दर्जन वाहन क्षतिग्रस्त कर दिए। लोगों ने नशे में धुत चालक जयसिंह को सुखाडि़या सर्किल के निकट पकड़ा और धुनाई कर सुभाषनगर पुलिस के सुपुर्द किया।


नौ माह पूर्व शादी, इकलौता चिराग था

हादसे में घायल निर्मल खत्री को यहां निजी अस्पताल में हालत बिगडऩे पर परिजन जयपुर ले गए। वहां सोमवार तड़के निजी अस्पताल में निर्मल ने दम तोड़ दिया। जयपुर में पोस्टमार्टम के बाद शव शाम को भीलवाड़ा पहुंचा, जहां अंतिम संस्कार किया गया। शाम को घर से शव उठा तो परिजन बेसुध हो गए। पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया। मृतक निर्मल का विवाह नौ माह पूर्व हुआ था। वह पांच बहनों का इकलौता भाई था। परिवार की सारी जिम्मेदारी उस पर थी। परिजनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे।

Published on:
21 Aug 2018 07:13 am