पंचायतों के सहयोग से सभी स्कूलों में होगी विशेष लाइटिंग विद्यालय निधि से भी मिल सकेगी सहायता
शिक्षा विभाग इस बार दीपावली से पहले सरकारी विद्यालयों को लेकर काफी सजग है। पहली बार सरकार ने नवाचार करते हुए दीपावली से पहले सरकारी स्कूलों में रंग रोगन कराने के बाद अब दीपावली पर्व को लेकर प्रदेश के सभी राजकीय विद्यालयों में प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इस संबन्ध में माध्यमिक शिक्षा निदेशालय बीकानेर के निदेशक सीताराम जाट ने कहा है कि यह पर्व पूरे देश में प्रकाश पर्व के रूप में उल्लासपूर्वक मनाया जाता है, ऐसे में विद्यालयों को भी इस पर्व की गरिमा के अनुरूप सजाया-संवारा जाए। सरकार का यह नवाचार बच्चों में त्योहार के प्रति भावना को जागृत करने का काम करेगा।
पंचायतों के सहयोग से जगमगाएंगे स्कूल
आदेश में कहा गया है कि प्रत्येक विद्यालय में पंचायतों के सहयोग और सहायता से दीपावली की लाइटिंग व्यवस्था की जाए। इस दौरान विद्यालय परिसर की सफाई, साज-सज्जा एवं प्रकाश व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि विद्यार्थियों में उत्सव की भावना और स्वच्छता का संदेश एक साथ प्रसारित हो सके।
विद्यालयी मदों का उपयोग अनुमोदन के बाद
शिक्षा निदेशक जाट ने स्पष्ट किया है कि यदि आवश्यकता हो तो विद्यालय प्रमुख एसडीएमसी, सीजीएफ अथवा अन्य विद्यालयी मदों से आवश्यक खर्च कर सकते हैं, लेकिन इसके लिए ब्लॉक शिक्षा अधिकारी की पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा। जाट ने कहा है कि सभी जिला व ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि निर्देशों की अक्षरशः पालना हो। प्रत्येक विद्यालय दीपावली पर्व के अवसर पर रोशनी से आलोकित हो और विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, स्वच्छता एवं सामूहिक उत्सव की भावना का प्रसार हो।
सर्वोच्च प्राथमिकता दें
आदेश में यह भी उल्लेख है कि इस निर्देश को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि दीपावली पर राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों में प्रकाश पर्व की वास्तविक झलक दिखाई दे।
विद्यार्थियों को मिलेगा नया संदेश
विद्यालयों में दीपावली पर्व मनाने की यह पहल न केवल सौंदर्य और रोशनी का प्रतीक बनेगी, बल्कि विद्यार्थियों को एकता, संस्कृति और स्वच्छता का भी संदेश देगी। यह पहला मौका है जब सभी स्कूलों में रंग रोगन व अब रोशनी करने के आदेश मिले हैं।
रामेश्वर जीनगर, सीबीईओ सुवाणा