
डेढ़ लाख का बिल बकाया
अजमेर डिस्कॉम ने बिजली का बिल 01 लाख 59 हजार 197 रुपए रुपए बकाया होने पर जहाजपुर एसडीएम आवास का कनेक्शन काट दिया। यह आवास एसडीएम दामोदर खटाना खाली कर चुके हैं। वे अभी विकास अधिकारी के आवंटित आवास में रहते हैं।
आवास बदल दिया
शाहपुरा जिले के जहाजपुर में क्वार्टर नंबर-15 एसडीएम को आवंटित है। एसडीएम यह क्वार्टर खाली कर विकास अधिकारी को आवंटित क्वार्टर नंबर-1 में शिफ्ट हो गए। क्वार्टर नंबर-1 में पहले कार्यवाहक विकास अधिकारी रहते थे, जिनसे 6 अगस्त 2021 को क्वार्टर खाली कराया गया। इसके बाद एसडीएम यहां शिफ्ट हुए।
यहां भी नहीं चुकाया बिल
इस आवास का भी बिजली बिल 47 हजार रुपए बकाया है। वहीं एसडीएम को आवंटित क्वार्टर नंबर-15 का बिल डेढ़ लाख से अधिक बकाया होने पर कनेक्शन काट दिया गया। इधर, पंचायत समिति के विकास अधिकारी पद पर 14 सितंबर 2023 को नीता पारीक ने कार्यभार ग्रहण किया। उनको आवंटित आवास में एसडीएम के रहने से वे खुद किराए के मकान में रह रही हैं।
......
आवास खाली करने का लिखेंगे पत्र
पहले चुनाव का समय चल रहा था। अब एसडीएम साहब को उनके लिए आंवटित क्वार्टर में जाने व विकास अधिकारी क्वार्टर खाली करने को पत्र लिखेंगे।
-नीता पारीक, विकास अधिकारी
---------
काटा क्वार्टर नंबर 15 का कनेक्शन
थाने के समीप क्वार्टर नंबर 15 में एसडीएम रहते थे। उसका 1,59,197 रुपए बिजली बिल बकाया है। एसडीएम ने बिल नहीं चुकाया और क्वार्टर बदल दिया। उनको नोटिस भी भेजा पर जवाब नहीं मिला तो अब एसडीएम आवास का कनेक्शन काट दिया।
-मनीष जांगिड़, कनिष्ठ अभियंता विद्युत निगम जहाजपुर
---------
हमारा आपसी मामला
दो अधिकारियों का आपसी मामला है। हम आपस में देख लेंगे। विकास अधिकारी को कोई समस्या है तो डायरेक्ट बात करें।
- दामोदर खटाना, उपखंड अधिकारी- जहाजपुर