
- रात्रिकालीन शिक्षा चौपाल: राउमावि सहनवा में समस्याओं पर की चर्चा
चित्तौडगढ़़. चित्तौडगढ़़ ब्लॉक के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सहनवा में रात्रिकालीन शिक्षा चौपाल हुई। जिले और ब्लॉक स्तर के शिक्षा अधिकारियों की उपस्थिति में ग्रामीणों और शिक्षकों ने विद्यालय की शैक्षणिक व आधारभूत जरूरतें बताई। अधिकारियों ने समस्याएं सुनकर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, सरकारी योजनाओं व तकनीक का लाभ लेने को प्रेरित किया। चौपाल से पहले शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने क्षेत्र के तीन विद्यालयों का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद दशोरा ने राउमावि सहनवा, जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) घनश्याम लाल गौड़ ने राउप्रावि पंचतोली तथा डाइट प्रधानाचार्य राजेंद्र कुमार शर्मा ने राउमावि बोजुंदा का निरीक्षण किया। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी दशोरा ने ऑनलाइन शिक्षा, इंटरनेट के सदुपयोग और खेलकूद में भाग लेने को प्रेरित किया। संस्था प्रधान कैशवचन्द धाकड़ ने कम्प्यूटर, खेल सामग्री की आवश्यकता और खेल मैदान से अतिक्रमण हटाने की समस्या अधिकारियों के समक्ष रखी। इस दौरान पीईईओ क्षेत्र के कर्मचारियों ने विद्यालय विकास के लिए 18,500 रुपए की सहयोग राशि भेंट की।