भीलवाड़ा

सीए फाइनल में अटके तो भी मिलेगी डिग्री: इंटर पास करते ही बनेंगे ‘बीएए’, खुलेंगे नौकरियों के द्वार

आईसीएआई का ऐतिहासिक फैसला: हजारों युवाओं को मिलेगी नई दिशा

2 min read
Apr 13, 2026
सीए फाइनल में अटके तो भी मिलेगी डिग्री: इंटर पास करते ही बनेंगे 'बीएए', खुलेंगे नौकरियों के द्वार

चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने का सपना लेकर दिन-रात एक करने वाले, लेकिन फाइनल परीक्षा की कठिन चुनौती में अटकने वाले हजारों छात्रों के लिए राहत भरी खबर है। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए बीएए सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किया है।

अब सीए इंटरमीडिएट के दोनों ग्रुप पास करने और अपनी आर्टिकलशिप पूरी करने वाले छात्रों को बिना डिग्री के खाली हाथ नहीं रहना पड़ेगा। आईसीएआई की ओर से उन्हें यह औपचारिक सर्टिफिकेट दिया जाएगा, जो उनके कौशल, अनुभव और मेहनत को एक प्रोफेशनल पहचान देगा।

नाम मात्र के शुल्क पर मिलेगा सर्टिफिकेट

आईसीएआई के अनुसार इस नई व्यवस्था से उन छात्रों को सीधा लाभ मिलेगा जो इंटरमीडिएट तो निकाल लेते हैं, लेकिन किसी कारणवश फाइनल तक नहीं पहुंच पाते। इस सर्टिफिकेट के लिए पात्र विद्यार्थियों को आईसीएआई की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन करना होगा। इसका शुल्क महज 500 रुपए रखा गया है। पूर्व में पास हुए विद्यार्थी भी निर्धारित शर्तों के अनुसार इसके लिए आवेदन कर सकेंगे।

कौन होगा बीएए सर्टिफिकेट का पात्र

इस डिग्री को हासिल करने के लिए छात्रों को निम्नलिखित शर्तें पूरी करनी होंगी। सीए इंटरमीडिएट के दोनों ग्रुप्स में सफलता।

कम से कम 2 वर्ष की आर्टिकलशिप (प्रैक्टिकल ट्रेनिंग) पूर्ण। एडवांस्ड इंटीग्रेटेड कोर्स ऑन इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एंड सॉफ्ट स्किल्स कोर्स पूरा होना तथा सेल्फ-पेस्ड ऑनलाइन मॉड्यूल्स में सफलता।

छात्रों को मिलेंगे ये बड़े फायदे

अब तक इंटरमीडिएट और आर्टिकलशिप की कड़ी मेहनत के बाद भी छात्रों को कोई औपचारिक उपाधि नहीं मिलती थी। इससे उनके अनुभव की कॉरपोरेट जगत में सही पहचान नहीं हो पाती थी। अब छात्र गर्व के साथ इस सर्टिफिकेट को अपने बायोडेटा में जोड़ सकेंगे। यह सर्टिफिकेट अकाउंटिंग एग्जीक्यूटिव, ऑडिट असिस्टेंट और फाइनेंस एसोसिएट जैसी बेहतरीन भूमिकाओं में करियर बनाने में सीधे तौर पर सहायता करेगा। इंडस्ट्री में दी गई 2 वर्षों की आर्टिकलशिप के अनुभव को अब औपचारिक मान्यता मिलेगी।

फाइनल देने का विकल्प रहेगा खुला

इस पहल की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि बीएए सर्टिफिकेट प्राप्त करने के बाद भी विद्यार्थी सीए फाइनल परीक्षा देने के लिए पूरी तरह पात्र रहेंगे। यानी उनकी सीए बनने की राह बंद नहीं होगी। इसके अलावा, आईसीएआई इस सर्टिफिकेट को देश भर में 'ग्रेजुएशन' के समकक्ष मान्यता दिलाने के लिए भी प्रयासरत है।

छात्रों के आत्मविश्वास को मिलेगी नई उड़ान

यह पहल विद्यार्थियों के लिए एक बहुत बड़ा अवसर है। इससे उन्हें इंटरमीडिएट स्तर पर ही एक औपचारिक पहचान मिल जाएगी। यह सर्टिफिकेट न केवल विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाएगा बल्कि उन्हें प्रोफेशनल दुनिया में बेहतर अवसर प्राप्त करने में भी सहायक होगा। आईसीएआई का यह कदम हजारों विद्यार्थियों के लिए नई उम्मीद और करियर के नए द्वार खोलने वाला साबित होगा।

- सीए निर्भीक गांधी, सेक्रेटरी, सेंट्रल रीजन, आईसीएआई

Published on:
13 Apr 2026 08:29 am
Also Read
View All