
सुभाषनगर थाना पुलिस ने 17 दिन पहले कपड़ा व्यवसायी के सूने मकान में हुई तीन करोड़ की नकबजनी का मंगलवार को खुलासा किया। अंतरराज्यीय गिरोह के सरगना समेत तीन जनों को गिरफ्तार किया। आरोपी भोपाल के रहने वाले हैं और नकबजनी की पचास से अधिक वारदात की। इनमें मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान समेत कई राज्य शामिल हैं। ये लोग हाई प्रोफाइल तरीके से वारदात को अंजाम देते थे। इन पर बीस से अधिक मुकदमे दर्ज है। पकड़े आरोपियों पर भीलवाड़ा पुलिस ने 25 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।
पुलिस अधीक्षक आदर्श सिधू ने बताया कि 3 सितम्बर को विजयसिंह पथिकनगर के सेक्टर ए गेट नम्बर 17 के निकट कपड़ा व्यवसायी दामोदर लढ़ा परिवार समेत दोपहर में फार्म हाउस पर पिकनिक मनाने गए थे। पीछे से चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़ा व तीन किलो सोना, 40 लाख नकद समेत करीब तीन करोड़ का माल पार कर ले गए थे। परिवार को रात में लौटने पर चोरी का पता लगा। अति. पुलिस अधीक्षक विमलसिंह नेहरा की अगुवाई में विशेष टीम ने अनुसंधान के बाद भोपाल निवासी अनूपसिंह राजपूत, अमितसिंह राजपूत तथा राकेश कुशवाह को गिरफ्तार किया।
डेढ़ हजार सीसी कैमरे खंगाले
पुलिस ने मामले को चुनौती माना। स्थानीय नकबजनों को टटोला, लेकिन उनसे कुछ हाथ नहीं लगा। इसके बाद जांच का दायरा बढ़ाया। एक हजार किलोमीटर चलकर 100 स्थानों पर लगे करीब डेढ़ हजार सीसी कैमरे खंगाले। उसके बाद आरोपियों की पहचान हुई। इस पर अलग-अलग टीमें बनाकर भोपाल, ग्वालियर, झांसी, कोटा, शिवपुरी, राजगढ़ में सात दिन तक चौबीस घंटे टीम ने कैंप किया।