
चित्तौडग़ढ़ जिले की बेगूं थाना पुलिस ने बेगूं तहसील की सामरिया ग्राम पंचायत सचिव व जयनगर सरपंच को एसीबी का अधिकारी बता रुपए मांगने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने आप को एसीबी अधिकारी बता जीप पर जाली नम्बर प्लेट व एसीबी का लोगो लगा कर कर अवैध वसूली कर रहा था। आरोपी से फर्जी दस्तावेज सहित जीप जब्त की है। सरपंच व सचिव से लिए 5 हजार रुपए भी पुलिस ने बरामद किए।
पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत ने बताया कि फर्जी एसीबी अधिकारी बनकर ग्राम पंचायत सामरिया के सचिव मानपुरा थाना माण्डलगढ़ जिला भीलवाड़ा निवासी उदयलाल पुत्र छोटुलाल लौहार व ग्राम पंचायत जयनगर तहसील बेगूं के सरपंच बानोड़ा थाना पारसोली निवासी भागुता लाल पुत्र बालूलाल गुर्जर को ग्राम पंचायत का रिकॉर्ड जब्त करने की धमकियां देकर डरा धमका कर पहले एक बार 10 हजार रुपए ऐंढ लिए।
इसके बाद गुरुवार को फर्जी केस में फंसाने की धमकियां देकर 5 हजार रुपए लेने पर आरोपी भीलवाड़ा जिले के रायपुर थाना क्षेत्र के गलवा निवासी पारसमल (75) पुत्र नन्दराम जाट को गिररफ्तार किया। उसकी निशादेही पर जीप भी जब्त की गई। जीप के नम्बर प्लेट पर एसीबी स्टेट सेक्रेट्री राजस्थान बोर्ड लगा हुआ था। आरोपी के कब्जे से फर्जी दस्तावेज जब्त कर जबरन वसूले गए 5 हजार रुपए बरामद किए हैं।