भीलवाड़ा

डेयरी में 75 करोड़ के संयंत्र की रखी नींव

दुग्ध प्रसंस्करण प्लांट का सीएम ने जयपुर से किया शिलान्यास

2 min read
Aug 29, 2020
Foundation of 75 crore plant laid in dairy in bhilwara

भीलवाड़ा।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने डेयरी सेक्टर को बढ़ावे के लिए जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघों को पूरे प्रोत्साहन का भरोसा दिलाया। उन्होंने रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए डेयरी क्षेत्र को मजबूत करने के लिए हरसंभव कदम उठाने की बात कही। वे शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये भीलवाड़ा जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के करीब 75 करोड़ रुपए की लागत के दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र के शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण इकाई के लिए किसानों को 10 हैक्टेयर तक जमीन के भू-रूपांतरण की आवश्यकता नहीं है। डेयरी क्षेत्र में वर्गिस कुरियन के योगदान को याद किया।
नेशनल डेयरी डवलपमेंट बोर्ड अध्यक्ष दिलीप रथ ने पशुपालकों को 2 रुपए प्रति लीटर अनुदान देने का स्वागत किया। एनडीडीबी के कार्यकारी निदेशक अरुण रस्ते ने कहा, नए संयंत्र से 18,500 नए लघु एवं सीमांत दुग्ध उत्पादक सदस्यों को आजीविका मिलेगी। कृषि मंत्री लालचंद कटारिया, राज्यमंत्री भजनलाल जाटव, गोपालन मंत्री प्रमोद भाया, सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना, आरसीडीएफ के प्रबंध निदेशक केएल स्वामी मौजूद रहे।
नए संयंत्र से उत्पादकों को फायदा
भीलवाड़ा डेयरी चेयरमैन रामलाल जाट ने कहा कि अत्याधुनिक दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र से उत्पादन लागत में कमी आएगी। फायदा दुग्ध उत्पादकों को मिलेगा। जाट ने मीडिया से कहा कि 5 लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता के संयंत्र के शुरू होने पर 276 से 420 हजार किलो दूध संकलन प्रतिदिन बढ़ेगा। 30 हजार नए लघु और सीमान्त पशुपालकों को आजीविका मिलेगी। ऊर्जा खपत में 15 से 20 प्रतिशत कमी आएगी। पानी की बचत होगी और सॉलिड मिल्क लॉस में कमी आएगी। संयंत्र की क्षमता 5 से 10 लाख लीटर प्रतिदिन हो सकेगी। संयंत्र का निर्माण राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड, आणंद की ओर से किया जा रहा है जो 2022 तक पूरा होगा। विधायक कैलाश त्रिवेदी, कलक्टर शिवप्रसाद एम नकाते, पुलिस अधीक्षक प्रीति चंद्रा, पूर्व विधायक विवेक धाकड़, पूर्व सभापति ओम नाराणीवाल, डेयरी प्रबंध संचालक आशा शर्मा आदि उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें

बागौर के किराणा व्यापारी की कोरोना से मौत
Published on:
29 Aug 2020 12:01 am
Also Read
View All