जिले में बीगोद क्षेत्र के नंदराय कस्बे में माली समाज की बैठक हुई। इसमें समाज के प्रबुद्धजनों ने समाज के उत्थान से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। अब शादी समारोह में डीजे बजाने पर डेढ़ लाख रुपए का जुर्माना लगाए जाने के साथ ही सामाजिक उत्थान पर चर्चा हुई।
भीलवाड़ा. जिले में बीगोद क्षेत्र के नंदराय कस्बे में माली समाज की बैठक हुई। इसमें समाज के प्रबुद्धजनों ने समाज के उत्थान से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। नंदराय स्थित समाज के नोहरे में हुई बैठक में सर्वसम्मति से लिए गए निर्णय के अनुसार अब शादी समारोह में डीजे बजाने पर डेढ़ लाख रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा।
माली समाज की बैठक में सामाजिक उत्थान पर चर्चा हुई और फिजूलखर्ची को बंद करने का निर्णय लिया गया। समाज के अध्यक्ष हेमराज माली के अनुसार गोविंदपुरा, सुखपुरा, बड़ोदिया की झोपड़ियां, मरडा की झोपड़ियां, नंदराय, जोर का खेड़ा सहित सात गांवों के माली समाज की बैठक नंदराय के सामाजिक नोहरे में हुई। बैठक में निर्णय लिया गया की शादी, जन्मदिन सहित अन्य आयोजनों में डीजे नहीं बजाया जाएगा। डीजे बजाने पर समाज द्वारा एक लाख इक्यावन हजार रुपए का जुर्माना वसूला जाएगा। इसी प्रकार शादी और मायरा में बहन-बेटी को बर्तन दिए जाते हैं, यह प्रथा भी बंद करने का निर्णय लिया गया। अध्यक्ष हेमराज माली ने बताया कि 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा की वरीयता में स्थान प्राप्त करने पर समाज की बेटियों को स्कूटर देने की घोषणा भी की गई।