- प्रदेश के 41 जिलों से मांगी छात्राओं की संख्या, निविदा प्रक्रिया के बाद होगा वितरण - वर्तमान शिक्षा सत्र के तीन माह बीते, अब याद आई विभाग को साइकिल देने की
प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कक्षा 9 में अध्ययनरत छात्राओं को इस बार निशुल्क साइकिल आधा सत्र बीतने के बाद ही मिल पाएगी। शिक्षा विभाग ने सभी 41 जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र लिखकर छात्राओं की संख्या मांगी है। जिलों से जानकारी मिलने के बाद निविदा प्रक्रिया शुरू होगी और फिर ठेका देने के बाद आपूर्ति संभव हो सकेगी। वर्तमान में शिक्षा सत्र 2025-26 के तीन माह बीत चुका है।
निविदा प्रक्रिया में लगेगा समय
शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को आदेश जारी कर कहा है कि कक्षा 9वीं में नवीन प्रवेश लेने वाली छात्राओं को सत्र 2025-26 में निशुल्क साइकिल वितरण किया जाना है। इसके लिए किसी फर्म को जिलावार व नोडल विद्यालयवार आपूर्ति आदेश दिए जाएंगे। इससे पहले छात्राओं की सटीक संख्या तय करनी होगी। जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सभी आवश्यक सूचनाएं मुख्यालय को भेजी जाएं। इसके तहत पंचायत समितिवार व शहरी नोडल विद्यालय का नाम, अधीनस्थ विद्यालयों की सूची, साइकिल वितरण योग्य छात्राओं की संख्या, ट्रांसपोर्ट योजना लेने वाली बालिकाओं की संख्या तथा पिछले वर्ष की अधिशेष साइकिलों की जानकारी देनी होगी।
पिछले वर्ष सात लाख बेटियों को मिली थी साइकिल
शिक्षा विभाग के अनुसार गत वर्ष प्रदेशभर में लगभग सात लाख छात्राओं को निशुल्क साइकिल वितरित की गई थी। इस बार भी योजना के तहत बड़ी संख्या में छात्राओं को लाभ मिलेगा, लेकिन निविदा व आपूर्ति प्रक्रिया लंबी होने से वितरण में देरी तय मानी जा रही है। सुवाणा सीबीईओ रामेश्वर जीनगर ने बताया कि सरकार की निविदा प्रक्रिया पूरी होने व ठेका फाइनल होने के बाद ही साइकिलों की आपूर्ति होगी। अनुमान है कि वितरण आधा सत्र बीतने के बाद ही हो पाएगा।