भीलवाड़ा

अजमेर पुलिया पर भारी दबाव, हर रोज गुजरते हैं 60 हजार वाहन

सार्वजनिक निर्माण विभाग के 27 दिसम्बर से 3 जनवरी तक किए गए सर्वे में सामने आया तथ्य

2 min read
Jan 05, 2023
अजमेर पुलिया पर भारी दबाव, हर रोज गुजरते हैं 60 हजार वाहन

भीलवाड़ा. टेक्सटाइल सिटी भीलवाड़ा में एक और ओवरब्रिज की मांग जोर पकड़ रही है। इसकी जरूरत इसलिए भी है , क्योंकि वर्तमान में शहर में एकमात्र ओवरब्रिज अजमेर पुलिया पर यातायात का भारी दबाव है। ओवरब्रिज से रोजाना 60 हजार वाहन गुजरते हैं। यह तथ्य सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से किए गए सर्वे में सामने आया है। जिला प्रशासन की ओर से अजमेर पुलिया को चौड़ा करने की योजना है। इसी दिशा में सार्वजनिक निर्माण विभाग से सर्वे करवाया गया है। ज्ञात है कि अजमेर पुलिया के ओवरब्रिज को चौड़ा करने एवं रेलवे फाटक पर एक और ओवरब्रिज को लेकर राजस्थान पत्रिका 9 जुलाई से अभियान चला रहा है। पत्रिका के अभियान के बाद शहरवासियों ने एक और ओवरब्रिज बनाने की मांग पूरजोर तरीके से उठाई है।

एक सप्ताह के नतीजे

सार्वजनिक निर्माण विभाग ने 27 दिसम्बर से 3 जनवरी तक अजमेर पुलिया से चित्तौड़ रोड की ओर जाने वाले वाहनों तथा जिला कलक्ट्रेट से जेल की ओर जाने वाले वाहनों का सर्वे किया। सात दिन में रोजाना 59,942 वाहनों का आंकड़ा सामने आया है। इनमें भारी वाहनों की संख्या 2,441 हैं।
टू से फोरलेन बनाने की जरुरत

अधिकारियों का कहना है कि ओवरब्रिज अभी टू लेन का है। इसे सिक्स लेन नहीं तो कम से कम फोरलेन करना होगा। इसके लिए जिला कारागृह को सांगानेर में चिहिन्त जमीन पर शिफ्ट करना होगा। एक तरफ रेलवे लाइन आ रही है जिसके पास सड़क है, लेकिन रेलवे से उसकी अनुमति लेनी होगी। वर्तमान ओवरब्रिज से वीआईपी तक सफर करते हैं। आए दिन जाम लगता है।

विकल्प : एक रास्ता बंद करे
ओवरब्रिज एच आकार में है। ये चारों तरफ के रास्ते को जोड़ता है। पीडब्यूडी का कहना है कि बीच के रास्ते को बंद कर दिया जाए तो आए दिन के जाम से राहत मिल सकती है।

वाहनों की संख्या
प्रतिदिन अजमेर तिराहे से चित्तौड़ रोड आने-जाने वाले वाहनों की संख्या 40 हजार है। इनमें दुपहिया वाहन 21,486, तिपहिया वाहन 4,281, कार, जीप, वैन 11,422, टैक्सी 170, मिनी बस 298, स्कूल बस 116, सरकारी बस 222, निजी बस 541, भारी वाहन 1,094, जेसीबी 13, ट्रैक्टर 131 तथा अन्य 110 वाहन शामिल है।

जेल चौराहा से जिला कलक्ट्रेट की ओर आने-जाने वाहनों की संख्या 20 हजार से अधिक है। इनमें दुपहिया वाहन 14,804, तिपहिया वाहन 908, कार, जीप, वैन 3830, टैक्सी 63, मिनी बस 3, स्कूल बस 21, भारी वाहन 340 तथा अन्य 87 वाहन शामिल है।
----

इनका कहना है
जिला कलक्टर के निर्देश अजमेर चौराहा ओवरब्रिज का सात दिन तक सर्वे कराया। इस ओवरब्रिज पर 60 हजार से भी अधिक वाहनों का भार है। यह रिपोर्ट जिला कलक्टर को भेजी गई है।

-पीआर मीना, अधीक्षण अभियन्ता, सार्वजनिक निर्माण विभाग भीलवाड़ा

Published on:
05 Jan 2023 08:22 pm
Also Read
View All