कांग्रेस नेता की कार में आग लगाने के आरोप में हिस्ट्रीशीटर और उसका साथी गिरफ्तार
कारोई.
थाना पुलिस ने सोमवार को कांग्रेस नेता की कार में आग लगाने के आरोप में हिस्ट्रीशीटर और उसके साथी को गिरफ्तार किया। आरोपी हिस्ट्रीशीटर ने कांग्रेस नेता से रुपयों की मांग की थी। नहीं देने पर तेरह दिन पहले वारदात को अंजाम दिया। आरोपी कार जलाकर घर में आग लगाना चाहते थे।
थानाप्रभारी हंसपालसिंह के अनुसार 15 मार्च को गाडरमाला के शंकरसिंह राजपूत ने मामला दर्ज कराया। परिवादी ने बताया कि वह गाडरमाला इकाई का कांग्रेस अध्यक्ष है। 14 मार्च को पार्टी ने ब्लॉक अध्यक्ष बनाया। ग्रामीणों ने सम्मान किया। रात में कार्यक्रम के बाद शंकरसिंह घर जाकर सो गया। देर रात घर के बाहर खड़ी गैस चलित कार में किसी ने आग लगा दी। इससे कार पूरी तरह जल गई। पुलिस ने आगजनी के आरोप में थाने के हिस्ट्रीशीटर गाडरमाला निवासी नानालाल जाट व उसके साथी खैराबाद निवासी बालूराम दरोगा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि नानालाल ने परिवादी से रुपए मांगे। उसने नहीं दिए तो बदला लेने की नीयत से कार में आग लगाई। गैस विस्फोट से परिवादी के मकान को भी नष्ट करना चाहते थे।