- रायपुर तहसील क्षेत्र का मामला
खनिज विभाग ने रायपुर क्षेत्र में बजरी लीज क्षेत्र की सीमा से बाहर अवैध खनन करने पर खनन पट्टा धारक पर 3.15 करोड़ की पैनल्टी नोटिस जारी किया है।
जिले की रायपुर तहसील के पाटियों का खेड़ा व बाडी ग्राम के निवासियों ने बजरी खनन का विरोध किया था। इसे लेकर दोनो पक्षों के बीच विवाद हुआ। विधायक लादूलाल पितलिया ने खनिज विभाग पर अवैध खनन करवाने का आरोप भी लगाया था। मामले में सहायक खनिज अभियंता व तकनीकी कर्मचारियों ने ग्रामीणों के विरोध के बाद रायपुर तहसील स्थित खनन पट्टा क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया कि स्वीकृत खनन क्षेत्र के बाहर, राजस्व ग्राम पाटियों का खेड़ा एवं बाड़ी की भूमि पर अवैध रूप से बजरी का खनन पाया गया। रिपोर्ट के आधार पर खनन पट्टाधारी अभिषेक चौधरी की ओर से स्वीकृत खनन पट्टा क्षेत्र से बाहर अवैध खनन किया गया है। जिसकी मात्रा 63 हजार 85 टन है। इसे लेकर पट्टाधारी अभिषेक चौधरी के खिलाफ 3 करोड़ 15 लाख 62 हजार 750 रुपए की पेनल्टी नोटिस जारी किया है।