भीलवाड़ा

किराना व्यापारी के गोदाम से अवैध यूरिया जब्त, मामला दर्ज

भीलवाड़ा जिले के गुलाबपुरा कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई

less than 1 minute read
Sep 28, 2025
Illegal urea seized from grocery store, case registered

कृषि विभाग की टीम ने शुक्रवार रात प्रशासन और पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए फूलिया कलां के राज्यास गांव में एक किराना व्यापारी के यहां अवैध रूप से भंडारित यूरिया व अन्य उर्वरक पकड़े। इस मामले में फूलिया थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। संयुक्त निदेशक कृषि विनोद कुमार जैन ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर सहायक निदेशक गुलाबपुरा उषा मीणा, कृषि अधिकारी रामलाल बलाई, भगवत सिंह राणावत और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। किराना व्यापारी भागचंद जैन की पिकअप में 65 बैग नीम कोटेड यूरिया (चम्बल फर्टिलाइजर, कोटा निर्मित) मिला। निजी गोदाम से 70 बैग यूरिया (इंडियन पोटाश लिमिटेड, अन्ना सलाई निर्मित), 2 बैग भारत डीएपी और 2 बैग पोटाश बरामद किए गए।

अवैध भंडारण पर टीम ने उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत कार्रवाई की। जब्त किए गए उर्वरक को क्रय-विक्रय सहकारी समिति शाहपुरा के रिटेल डिपो नई राज्यास में सुपुर्द किया। कृषि विभाग ने आरोप लगाया कि व्यापारी ने किसानों के साथ धोखाधड़ी कर उर्वरक का अवैध भंडारण किया। इस पर उसके खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है। कृषि आयुक्तालय के निर्देश पर रबी सीजन पूर्व सघन गुणवत्ता नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत जिलेभर में दुकानों और गोदामों का निरीक्षण किया जा रहा है।

कलक्टर ने बनाई फर्टिलाइजर टास्क फोर्स

जिला कलक्टर ने जिला स्तरीय फर्टिलाइजर टास्क फोर्स का गठन किया है। इसका उद्देश्य है किसानों को अच्छी गुणवत्ता के कृषि आदान उपलब्ध हों। अवैध भंडारण और कालाबाजारी पर रोक लगे। दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

Published on:
28 Sept 2025 10:51 am
Also Read
View All

अगली खबर