8वें तीर्थंकर का मोक्ष कल्याणक महोत्सव: श्रद्धा के साथ चढ़ाया निर्वाण लाडू भीलवाड़ा शहर के दिगंबर जैन समाज ने सोमवार को जैन धर्म के आठवें तीर्थंकर भगवान चंद्रप्रभु का मोक्ष कल्याणक दिवस अपूर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया। शहर के विभिन्न मंदिरों में विशेष अनुष्ठान आयोजित किए गए। इसमें बड़ी संख्या में श्रावकों ने […]
भीलवाड़ा शहर के दिगंबर जैन समाज ने सोमवार को जैन धर्म के आठवें तीर्थंकर भगवान चंद्रप्रभु का मोक्ष कल्याणक दिवस अपूर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया। शहर के विभिन्न मंदिरों में विशेष अनुष्ठान आयोजित किए गए। इसमें बड़ी संख्या में श्रावकों ने निर्वाण लड्डू अर्पित कर मंगल कामनाएं कीं।
आरके कॉलोनी स्थित आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में सुबह से ही धार्मिक अनुष्ठानों की धूम रही। ट्रस्टी सुनील सेठी ने बताया कि मोक्ष कल्याणक के पावन अवसर पर भगवान चंद्रप्रभु की प्रतिमा का भव्य अभिषेक एवं शांतिधारा की गई। शांतिधारा का सौभाग्य कमलनयन शाह को प्राप्त हुआ। वहीं, ललित शाह ने आदिनाथ भगवान तथा अजय पंचोली व निहाल-ललित अजमेरा ने अन्य प्रतिमाओं पर शांतिधारा कर विश्व शांति की कामना की।
भक्ति के इस महोत्सव में श्रद्धालुओं ने देव-शास्त्र-गुरु, नित्य पूजा और सरस्वती पूजा के साथ भगवान चंद्रप्रभु की विशेष अष्टद्रव्य से पूजा-अर्चना की। पूरे परिसर में 'ॐ ह्रीं श्रींचन्द्रप्रभुजिनेन्द्रायनमः' के महामंत्रों का जाप किया गया। इससे वातावरण धर्ममय हो गया।
पूजा के समापन पर श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से 'निर्वाणकांड' का वाचन किया। जयकारों के बीच भगवान के चरणों में श्रद्धा का प्रतीक निर्वाण लड्डू चढ़ाया गया और महाआरती की गई। इस अवसर पर मिश्रीलाल अग्रवाल, महेन्द्र सेठी, सुरेन्द्र गोधा, राजकुमार अग्रवाल, राजेन्द्र सेठी, अजय टोग्या, रोहित गोधा, अंजना गोधा, अनिता जैन, पिंकी शाह सहित समाज के अनेक गणमान्य जनों ने लाडू चढ़ाकर पुण्य अर्जन किया।