- कृष्ण भक्ति से सराबोर हुई वस्त्रनगरी, - झांकियां ने मोहा मन, देखने उमड़ी भीड़
भीलवाड़ा में कृष्ण जन्माष्टमी पर शुक्रवार को हर कोई कृष्ण भक्ति के रंग में दिखा। माथे पर मुकुट व मोर पंख लिए बच्चे कान्हा-राधा बने। सुबह से मंदिरों व गली-मोहल्ले में जन्माष्टमी को लेकर उत्साह था, जो रात 12 बजे कृष्ण जन्म के साथ ही शंख, घडिय़ाल व झालरों तथा जय कन्हैया लाल की जयकारों से गूंज उठे। रात करीब एक बजे तक मंदिरों में भक्तों की भीड़ लगी रही। पुलिस प्रशासन को भी खासी मशक्कत करनी पड़ी।
रात 12 बजते ही चहुंओर जय कन्हैया लाल की गूंज के साथ घंटे-घडिय़ाल बजाकर नंद के घर आनंद भयो की खुशियां मनाई गई। मुख्य डाकघर के सामने संकटमोचन हनुमान मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं ने कतार में लगकर झांकियों के दर्शन किए। महंत बाबूगिरी ने बताया कि रात 12 बजे आरती के बाद प्रसाद बांटा। 25 से अधिक झांकिया आकर्षण का केन्द्र थी।
सी सेक्टर शास्त्रीनगर में श्याम मंदिर में खाटू श्याम बाबा का आकर्षक श्रृंगार किया। सुभाषनगर में टंकी के बालाजी मंदिर अध्यक्ष सुवालाल जाट ने बताया कि झांकियां सजाई। दूदाधारी मंदिर के पुजारी पंडित कल्याण शर्मा ने बताया कि आरती, पंचामृत से अभिषेक एवं ठाकुरजी की पालना आरती की गई। शनिवार को नंदोत्सव व मटकी फोड़ प्रतियोगिता होगी। बालाजी मार्केट के पेच के बालाजी मंदिर में विद्युत सज्जा एवं प्रवेश द्वार बनाए। पं.आशुतोष शर्मा ने बताया कि लड्डू गोपाल का दुग्धाभिषेक किया। मंदिर में पेंटर भंवरसिंह सूरज ने आजादी के 75 वर्ष पर आकर्षक रंगोली बनाई। बाबा धाम के अध्यक्ष विनीत अग्रवाल के सानिध्य में बाबा धाम पर झांकियां सजाई गई।
अंतरराष्ट्रीय श्रीकृष्ण भावनामृत संघ इस्कॉन के मैेनेजर ब्रजकुमार दास ने बताया कि कीर्तन, कृष्ण कथा, झांकी, अभिषेक, छप्पन भोग और आरती की गई। आरके कॉलोनी के साई मंदिर, बड़े मंदिर में चारभुजानाथ के दर्शन को भीड़ रही। पंचमुखी दरबार मंदिर में विशेष श्रृंगार किया गया। लक्ष्मीनारायण मंदिर, गांधीनगर के गणेश मंदिर, निम्बार्क आश्रम, शनिदेव मंदिर, विजयसिंह पथिक नगर स्थित ब्रह्माकुमारीज संस्थान व शास्त्रीनगर स्थित आदर्श विद्या मंदिर स्कूल में आकर्षक झांकियां सजाई गई। मियाचंदजी की बावड़ी के पास द्वारकाधीश मंदिर में भी कतारें रही। हरणी महादेव रोड के दादीघाम मंदिर, गली मोहल्लों में बच्चों ने पार्को के मंदिरों पर झांकियां सजाई गई।