भीलवाड़ा

कोठारी पुलिया में हुए छेद के बाद चर्चा में आए जाट को मिली पदोन्नति

- चार माह ही नहीं रूक सके बैरवा, जयपुर के लिए किया रिलीव

less than 1 minute read
Jan 20, 2023
कोठारी पुलिया में हुए छेद के बाद चर्चा में आए जाट को मिली पदोन्नति

भीलवाड़ा. शहर के कोठारी नदी पर निर्माणाधीन पुलिया में छेद के बाद आरोपों के दायरे में आए अधिकारियों पर गाज गिरने के बजाए चार माह पूर्व तबादला होकर आए अधिशासी अभियंता मोहनलाल बैरवा को एपीओ किए जाने के आदेश से नगर विकास न्यास में खलबली मची है। नगरीय विकास विभाग के बैक डेट में जारी आदेश में बुधवार तक न्यास में बैरवा के एपीओ व मुख्यालय को लेकर असमंजस की स्थिति थी, लेकिन गुरुवार शाम को बैरवा को यूडीएच जयपुर के लिए रिलीव कर दिया गया।


विभाग की ओर से 13 जनवरी को जारी आदेश 17 जनवरी को सामने आया। आदेशानुसार सहायक अभियंता जीतराम जाट को अधिशासी अभियंता पद पर पदोन्नति दी गई है। प्रशासनिक व्यवस्था के दृष्टिगत जाट को बैरवा के स्थान पर तुरंत प्रभाव से पदस्थापित किया गया। आदेश में यह कही स्पष्ट नहीं किया गया कि बैरवा का तबादला कहां किया गया या फिर उनको प्रतीक्षाकाल के दौरान उनका मुख्यालय कहां रहेगा। गुरुवार को आनन-फानन में बैरवा को जयपुर के लिए न्यास से रिलीव कर दिया। निर्माणाधीन पुलिया में छेद समेत विभिन्न मामलों में जीतराम जाट समेत कई अधिकारी पहले से सुर्खियों में हैं। इनमें अधिकांश अभियंता सालों से न्यास में जमे हैं। प्रशासनिक जांच टीम गठित होने एवं जयपुर से एमएनआईटी की टीम आने और जांच के बाद निर्माण कार्य में चूक की आशंका जताने के बाद से माना जा रहा था कि कुछ अभियंताओं की जिले से विदाई तय है, लेकिन महज चार माह पूर्व जयपुर से तबादला हो कर आए अधिशासी अभियंता मदनलाल बैरवा को एपीओ किए जाने और उन्हीें के जगह जाट की नियुक्ति किए जाने को लेकर न्यास में खासी चर्चा बनी हुई है।

Published on:
20 Jan 2023 11:19 am
Also Read
View All