
भीलवाड़ा।
जीतो एक्सपो में शुक्रवार रात जाने-माने कवि कुमार विश्वास ने अपनी रचनाओं से समारोह में चार चांद लगा दिए। कुमार ने जैसे ही अपनी लोकप्रिय कविता 'कोई दीवाना कहता है...कोई पागल समझता है ' प्रस्तुत की तालियों की जबरदस्त गडग़डाहट से पांडाल गूंज उठा।
उन्होंने सामाजिक ताने-बाने पर बनी रचनाएं पढ़कर श्रोताओं की तालियां बटोरी। स्वयं को राजनीति का सबसे कम उम्र का युवा बता आम आदमी पार्टी में अपनी उपेक्षा की पीड़ा भी शब्दों की जादूगरी से बेहद खूबसूरती के साथ प्रस्तुत की।
प्रस्तुति में दिल्ली व राजस्थान की राजनीति का वर्तमान परिदृश्य उभरकर सामने आया। उन्होंने पूर्व भाजपा सरकार की व्यवस्था पर तंज कसे। अपनी रचना 'वो बोले दरबार सजाओ, वो बोले जयकार लगाओ। बोले हम जितना बोलें, तुम केवल उतना ही दोहराओ, वाणी पर इतना अंकुश कैसे सहते, हम कबीर के वंशज हैं, चुप कैसे रहते' प्रस्तुत की। कवि सम्मेलन में पूरा पांडाल श्रोताओं से खचाखच भरा था।