- ग्रामीणों ने किया विद्यालय में प्रदर्शन, गरमाया माहौल
लेसवा ग्राम पंचायत के राजकीय विद्यालय में शुक्रवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब वाइस प्रिंसिपल ने छात्रों को धर्म विरोधी बातें पढ़ाए जाने की शिकायत पर परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंच वाइस प्रिंसिपल की धुनाई कर दी। सूचना पर पुलिस व शिक्षा विभाग के अधिकारी पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। मामले में वाइस प्रिंसिपल रणवीर सिंह और प्रिंसिपल श्यामलाल सेन को एपीओ कर दिया है।
छात्रों की शिकायत से भड़के ग्रामीण
विद्यालय के छात्रों ने परिजनों को बताया कि वाइस प्रिंसिपल रणवीर उन्हें धार्मिक चित्र नहीं बनाने, सिर में चोटी नहीं रखने और तिलक व लच्छा लगाने से मना किया। ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षक हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ आपत्तिजनक बातें करते थे। शिकायत सुन ग्रामीण और हिंदूवादी संगठनों के लोग स्कूल पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया।
वाइस प्रिंसिपल की धुनाई
ग्रामीणों ने वाइस प्रिंसिपल की मौके पर धुनाई कर दी। पुलिस ने पहुंच हालात पर काबू पाया। छात्रों के बयान दर्ज करने के बाद आरोपी शिक्षक को थाने ले गई। ग्रामीणों का कहना है कि घटना ने शिक्षा व्यवस्था पर बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग ने त्वरित कार्रवाई कर वाइस प्रिंसिपल रणवीर सिंह व प्रिंसिपल श्यामलाल सेन को एपीओ कर जांच के आदेश दिए। मांडल विधायक उदय लाल भड़ाणा ने घटना पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि स्कूल में बच्चों को धर्म विरोधी शिक्षा दी जा रही थी, जो बर्दाश्त नहीं होगी। बागोर थाना पुलिस ने आरोपी शिक्षक रणवीर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।