Bhilwara Traffic Park नगर विकास न्यास भीलवाड़ा के आजादनगर िस्थत ट्रैफिक पार्क का ताला शहर की जनता के लिए नहीं खुल सका है। न्यास अफसरों की अंधेरगर्दी के चलते पार्क में नवाचार की योजनाएं केवल फाइलों में ही चल रही है। लेकिन सतही तौर पर कुछ प्रयास नहीं दिख रहे हैं।
ट्रैफिक पार्क पर लटके है ताले
दस साल बीत गए, लेकिन नगर विकास न्यास भीलवाड़ा के आजादनगर िस्थत ट्रैफिक पार्क का ताला शहर की जनता के लिए नहीं खुल सका है। न्यास अफसरों की अंधेरगर्दी के चलते पार्क में नवाचार की योजनाएं केवल फाइलों में ही चल रही है। लेकिन सतही तौर पर कुछ प्रयास नहीं दिख रहे हैं।
संकेतकों को जनता का इंतजार
नगर विकास न्यास ने भीलवाड़ा ट्रैफिक पार्क का निर्माण वर्ष 2013 में कराया था। यहां पार्क में सड़क सुरक्षा के नियमों, चिंहों के साथ ही किस प्रकार से सड़कों पर वाहन का संचालन करें, इसके लिए पोस्टर, बैनर व स्टोन प्रिंट है। यहां स्पीड ब्रेकर,रेलवे पटरी, सिग्नल, रेलवे फाटक व ओवरब्रिज से किस प्रकार वाहनों को निकाले, इसके भी मॉडल व ट्रेक बने हुए हैं। बच्चों को यातायात नियम को खेल के जरिए समझने के भी उपकरण लगे हैं, लेकिन कई उपकरण उपयोग के अभाव में अब नकारा है।
केवल स्कूली बच्चों का प्रवेश
ट्रैफिक पार्क अभी तक एक भी शहर की जनता के लिए नहीं खोला गया है। यहां के ताले केवल स्कूली बच्चों के लिए ही खुलते हैं। यह व्यवस्था वर्ष 2016 से कायम है। यहां पार्क के ताले सप्ताह में सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को स्कूली बच्चों के लिए खुलते हैं।
नहीं हो सका एमओयू
ट्रैफिक पार्क को शहरी बाशिन्दों के लिए खोलने एवं रखरखाव के लिए जिला प्रशासन ने तीन साल पहले जिला परिवहन विभाग के साथ एमओयू करना चाहा, स्थानीय परिवहन विभाग ने भी तैयारी कर ली, लेकिन बजट के अभाव में परिवहन मुख्यालय ने इनकार कर दिया।
पार्क जनता के लिए क्यूं है जरुरी, जानिए-
- यातायात नियमों की पालना से होने वाले फायदों से हो सकेंगे अवगत
- वाहन चलाने के दौरान बरती जाने वाली जानकारी समझ सकेंगे।
- सीट बेल्ट व हेलमेट की उपयोगिता जान सकेंगे।
- वाहन दुर्घटनाएं को कैसे रोका जा सकता है, उसका ज्ञान हो सकेगा।
- राजमार्ग पर ब्लेक स्पॉट व क्या होते हैं, इसकी जानकारी हो सकेगी।
- स्पीडब्रेकर एवं वाहन संचालन की गति का पूरा ज्ञान हो सकेगा।
डेमो ड्राइविंग सिस्टम होगा स्थापित
भीलवाड़ा जिला परिवहन अधिकारी रामकृष्ण चौधरी बताते है कि ट्रैफिक पार्क यातायात नियमों व सड़क सुरक्षा की सीख देने के लिहाज से सुविधा जनक है। यहां अभी बच्चों को यातायात पुलिस व परिवहन विभाग की मदद से जानकारी भी दी जा रही है। यहां बच्चों व बड़ों को सीख के लिए कम्प्यूटराइज्ड डेमो ड्राइविंग सिस्टम स्थापित किया जा रहा है।
सुविधाएं जुटाने के बाद खोलेंगे पार्क
नगर विकास न्यास के उद्यान अधीक्षक रफीक मोहम्मद का कहना है कि ट्रैफिक पार्क के लिए बारह बीघा जमीन आरक्षित है, आधे हिस्से में अभी पार्क है। समूचे क्षेत्र में पार्क का निर्माण कराने के बाद ही शहर की जनता के लिए पार्क खोला जाना प्रस्तावित है। यहां स्वीमिंग पूल, ट्रैक, भीतरी सड़क की मरम्मत,रोज गार्डन विकसित करने की योजना है।